Sunday, 29 March 2026

भाजपा प्रदेश कार्यशाला की बैठक 3 जनवरी को जयपुर में, BL संतोष और राधा मोहन अग्रवाल रहेंगे शामिल


भाजपा प्रदेश कार्यशाला की बैठक 3 जनवरी को जयपुर में, BL संतोष और राधा मोहन अग्रवाल रहेंगे शामिल

भाजपा की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला बैठक 3 जनवरी को जयपुर स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब में आयोजित होने के संकेत मिले हैं। यह बैठक भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ की अध्यक्षता में होगी, जिसमें भाजपा राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष और भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. राधा मोहन अग्रवाल विशेष रूप से शामिल होंगे। दोनों नेता 3 जनवरी को जयपुर पहुंचेंगे और प्रदेश कार्यशाला के बाद दोपहर में भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों के साथ अलग से बैठक भी ले सकते हैं।

प्रदेश कार्यशाला में आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक रणनीतियों पर गहन चर्चा होने की संभावना है। बैठक के एजेंडे में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्गठन, मार्च से अप्रैल के बीच संभावित नगर निकाय और पंचायती राज चुनावों की तैयारी, पार्टी के राष्ट्रीय कार्यक्रमों की समीक्षा तथा संगठनात्मक मजबूती जैसे अहम विषय शामिल बताए जा रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार फिलहाल भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक नहीं बुलाई जा रही है। इसके चलते प्रदेश कार्यकारिणी सदस्यों की नियुक्ति प्रक्रिया भी कुछ समय के लिए टलने के संकेत हैं। 3 जनवरी को होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के भी शामिल होने की संभावना है।

इस कार्यशाला में भाजपा प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश प्रवक्ता, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष और विभिन्न मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों को आमंत्रित किए जाने के संकेत मिले हैं। संगठनात्मक दृष्टि से यह बैठक आगामी चुनावी रणनीति और पार्टी के आंतरिक ढांचे को मजबूत करने के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है।

Previous
Next

Related Posts