Saturday, 29 August 2026

चौमूं में मस्जिद के पास सड़क किनारे पत्थर हटाने को लेकर तनाव, पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े, 10 से अधिक लोगों को किया डिटेन और 24 घंटे के लिए इंटरनेट बंद


चौमूं में मस्जिद के पास सड़क किनारे पत्थर हटाने को लेकर तनाव, पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े, 10 से अधिक लोगों को किया डिटेन और 24 घंटे के लिए इंटरनेट बंद

जयपुर। चौमूं में मस्जिद के पास सड़क किनारे लगे पत्थरों को हटाने को लेकर गुरुवार देर शाम क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम को समुदाय विशेष के लोगों और पुलिस प्रशासन के बीच इस मुद्दे पर वार्ता हुई थी, जिसमें समुदाय विशेष ने स्वयं पत्थर हटाने पर सहमति जताई थी। सहमति के बाद पत्थर हटा दिए गए, लेकिन इसके तुरंत बाद प्रशासन की अनुमति के बिना लोहे की रेलिंग लगाकर बाउंड्री निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया। जब पुलिस और प्रशासन ने इसे रोकने के लिए कहा, तो कुछ लोगों ने विरोध करते हुए पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थिति बिगड़ते देख चौमूं, हरमाड़ा, विश्वकर्मा, दौलतपुरा सहित आसपास के कई थानों से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। भीड़ को नियंत्रित करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया तथा आंसू गैस के गोले भी छोड़े। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हालात पर काबू पा लिया गया है और एहतियातन क्षेत्र में भारी पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स, आरएसी, वज्र वाहन और पुलिस लाइन जयपुर की टीमों के 500 से अधिक जवान कस्बे में अलग-अलग स्थानों पर तैनात किए गए हैं।

इस दौरान स्पेशल कमिश्नर जयपुर राहुल प्रकाश मौके पर पहुंचे और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने, उपद्रव करने या नागरिकों की सुरक्षा को खतरे में डालने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उनकी समझाइश के बाद लोगों ने पुलिस प्रशासन के समर्थन में नारे भी लगाए। पुलिस ने अब तक 10 से अधिक पत्थरबाजों को डिटेन किया है और स्थिति को देखते हुए 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गई हैं।

विवाद के बाद शुक्रवार सुबह से कस्बे में माहौल सामान्य बताया जा रहा है। पुलिस लगातार फ्लैग मार्च कर रही है और समुदाय विशेष के लोगों से संवाद कर शांति बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। चौमूं कस्बे के मुख्य बस स्टैंड, रींगस रोड, मोरीजा रोड, थाना मोड़ और मुख्य बाजार को एहतियातन बंद रखा गया है। वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।

Previous
Next

Related Posts