



जयपुर। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुरवासियों को दो महत्वपूर्ण सौगातों की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने जयपुर के मानसरोवर स्थित सिटी पार्क में ‘अटल काव्य स्मारक’ के निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि यह स्मारक अटल बिहारी वाजपेयी के साहित्यिक, सांस्कृतिक और लोकतांत्रिक योगदान को समर्पित होगा। स्मारक के माध्यम से आमजन के लिए ई-लाइब्रेरी एवं पुस्तकालय की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे युवाओं और साहित्य प्रेमियों को अध्ययन और शोध का आधुनिक मंच मिलेगा।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इसी क्रम में जयपुर में ‘अटल लोकतंत्र उपवन’ के निर्माण की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह उपवन लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधानिक चेतना और अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगा। मुख्यमंत्री ने इन दोनों परियोजनाओं के लिए 30 करोड़ रुपये के बजट आवंटन की घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार अटल जी के विचारों और आदर्शों को स्थायी स्वरूप देने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी न केवल एक महान राजनेता थे, बल्कि वे कवि, विचारक और लोकतंत्र के सशक्त प्रहरी भी थे। ‘अटल काव्य स्मारक’ के माध्यम से उनकी कविताओं, विचारों और जीवन दर्शन को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाएगा। वहीं ‘अटल लोकतंत्र उपवन’ लोकतांत्रिक चेतना को मजबूत करने और नागरिकों को संविधानिक मूल्यों से जोड़ने का कार्य करेगा। इन घोषणाओं को जयपुर के सांस्कृतिक और बौद्धिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है