Tuesday, 23 December 2025

महिला सम्मेलन में बोलीं पूर्व मुख्यमंत्री, मनरेगा नाम परिवर्तन पर कांग्रेस पर साधा निशाना: कांग्रेस को ‘राम’ से परेशानी, हमारे लिए ‘राम’ ही जिंदगानी: वसुन्धरा राजे


महिला सम्मेलन में बोलीं पूर्व मुख्यमंत्री, मनरेगा नाम परिवर्तन पर कांग्रेस पर साधा निशाना: कांग्रेस को ‘राम’ से परेशानी, हमारे लिए ‘राम’ ही जिंदगानी: वसुन्धरा राजे

डग/झालावाड़। पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मनरेगा योजना में सुधार कर उसका नाम “जी राम जी” किया गया है, जिसका कांग्रेस विरोध कर रही है। सच यह है कि कांग्रेस को ‘राम’ से परेशानी है, जबकि हमारे लिए ‘राम’ ही जिंदगानी हैं। वह दुधालिया गांव में राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित महिला सम्मेलन को संबोधित कर रही थीं।

वसुन्धरा राजे ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भैरों सिंह शेखावत ने अंत्योदय की सोच को आगे बढ़ाया, जिसे उन्होंने अपने कार्यकाल में गति दी और अब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा उसी सोच को और रफ्तार दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज राजस्थान विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और सरकार जनकल्याण को प्राथमिकता दे रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने कार्यकाल की प्रमुख योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने पंचायत राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया, भामाशाह योजना के माध्यम से महिलाओं को परिवार का मुखिया बनाया और 12 वर्ष या उससे कम उम्र की बच्चियों के साथ दुष्कर्म पर फांसी की सजा का प्रावधान किया। इसके अलावा बालिकाओं के लिए साइकिल, स्कूटी और सैनिटरी नैपकिन जैसी योजनाएं शुरू की गईं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा इन सभी योजनाओं को मजबूती के साथ आगे बढ़ा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान वसुन्धरा राजे ने मुख्यमंत्री से क्षेत्रीय विकास से जुड़ी कई मांगें भी रखीं। उन्होंने छोटी काली सिंध और चाचुरनी नदी पर मध्यम सिंचाई परियोजना शुरू करने, डग पशु अनुसंधान केंद्र को पशु चिकित्सा महाविद्यालय में क्रमोन्नत करने तथा मुकुंदरा हिल्स में बाघ शिफ्ट करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र के किसानों, पशुपालकों और आमजन को दीर्घकालीन लाभ मिलेगा।

Previous
Next

Related Posts