Saturday, 29 August 2026

कांग्रेस का केंद्र सरकार पर हमला: अजमेर में पुतला दहन, विधायक विकास चौधरी बोले—“ईडी का दुरुपयोग, हर मोर्चे पर विफल है भाजपा सरकार”


कांग्रेस का केंद्र सरकार पर हमला: अजमेर में पुतला दहन, विधायक विकास चौधरी बोले—“ईडी का दुरुपयोग, हर मोर्चे पर विफल है भाजपा सरकार”

अजमेर में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के बाहर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय कांग्रेस के आवाहन पर किए गए इस विरोध में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार राजनीतिक प्रतिशोध के तहत कांग्रेस के शीर्ष नेताओं को झूठे मुकदमों में फंसाने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस विधायक विकास चौधरी ने कहा कि मोदी सरकार संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर विपक्ष को दबाने की कोशिश कर रही है, लेकिन न्यायालय ने इन झूठे मामलों का पर्दाफाश कर दिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र की प्रतिशोधी राजनीति से कांग्रेस कमजोर नहीं होगी, बल्कि और मजबूत होकर मैदान में उतरेगी।”

शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल ने कहा कि कलेक्ट्रेट पर प्रधानमंत्री का पुतला फूंककर कांग्रेस ने देशभर में जनता के साथ हो रहे खिलवाड़ के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मनरेगा के तहत कांग्रेस सरकार ने लाखों लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया था, लेकिन वर्तमान केंद्र सरकार इस योजना को कमज़ोर कर लोगों से रोज़गार छीनने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था, बेरोजगारी, कृषि, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा जैसे हर मोर्चे पर भारतीय जनता पार्टी की केंद्र और राज्य सरकारें पूरी तरह विफल साबित हुई हैं।

प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने कलेक्ट्रेट परिसर में अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए बैरिकेड्स लगाए गए और कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस लगातार मॉनिटरिंग करती रही। प्रदर्शन में पूर्व मंत्री रघु शर्मा, पूर्व विधायक नसीम अख्तर, विधायक विकास चौधरी, शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल सहित कई कांग्रेसी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप लगाया और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की मांग उठाई।


Previous
Next

Related Posts