



जयपुर में मंगलवार सुबह हाईकोर्ट और सेशन कोर्ट में बम धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सेशन कोर्ट की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर सुबह 7:15 बजे एक मेल आया जिसमें दावा किया गया— “हाईकोर्ट में RDX रखा है, तीन ब्लास्ट होंगे। जजों के चेंबर और बाथरूम में बम प्लांट किए गए हैं। दोपहर 2 बजे तक कोर्ट खाली करा लो।”
सूचना मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता, सिविल डिफेंस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। हाईकोर्ट और सेशन कोर्ट दोनों को खाली करवाकर सुबह 8 बजे से 10:30 बजे तक लगभग 2.5 घंटे का सर्च ऑपरेशन चलाया गया। अधिकारियों के अनुसार, परिसर में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
ACP (अशोक नगर) बालाराम ने बताया कि यह बम धमकी भी फर्जी साबित हुई। इसी महीने हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की यह छठी धमकी है। बढ़ती फर्जी धमकियों को देखते हुए पुलिस साइबर टीम ई-मेल भेजने वाले की तलाश में जुट गई है।
घटना से कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि बाद में किसी भी धमकी भरे इनपुट के नहीं मिलने से पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली।