



राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को राजस्थान पुलिस मुख्यालय में स्वच्छ कार्यालय अभियान का आयोजन किया गया। सुबह 10 से 11 बजे तक चले इस विशेष स्वच्छता कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का नेतृत्व डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने किया, जिन्होंने स्वयं अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ झाड़ू थामकर सफाई कर एक सशक्त संदेश दिया कि स्वच्छता ही स्वस्थ और अनुशासित कार्य संस्कृति की आधारशिला है।
डीजीपी शर्मा की सक्रिय भागीदारी ने पुलिस मुख्यालय के माहौल में नया जोश भर दिया। साफ-सफाई के दौरान उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यस्थल को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और स्वस्थ रखने की अपील की। पुलिस मुख्यालय से मिले निर्देशों के अनुसार राज्यभर की सभी पुलिस इकाइयों में भी यह स्वच्छता अभियान एक साथ चलाया गया, जिसमें समस्त पुलिस कर्मियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की गई।
इस पहल का उद्देश्य केवल सफाई तक सीमित नहीं था, बल्कि पुलिस बल में अनुशासन, स्वच्छ कार्य संस्कृति और टीमवर्क जैसे मूल्यों को और अधिक सुदृढ़ बनाना भी था। अधिकारी-कर्मचारियों ने कार्यालय परिसर, रिकॉर्ड रूम, कॉरिडोर और अपने-अपने कार्यस्थलों की साफ-सफाई कर अभियान को सफल बनाया। सभी इकाइयों से प्राप्त फीडबैक के अनुसार पुलिस बल में इस कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखा गया।