



बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन ने सोमवार को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार संभाल लिया। गृहमंत्री अमित शाह और निवर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उनके हाथ पकड़कर उन्हें अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठाया। इस दौरान माहौल उत्साहपूर्ण रहा और कार्यकर्ताओं ने ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाए।
नितिन नबीन के पार्टी मुख्यालय पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने उन पर फूल बरसाए और ढोल-नगाड़ों के साथ अभिनंदन किया। इसके बाद नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष ने भाजपा मुख्यालय में दीन दयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
अमित शाह और जेपी नड्डा पहले से मुख्यालय में मौजूद थे और उन्होंने नितिन नबीन को शुभकामनाएं देते हुए उनके नेतृत्व में पार्टी के संगठन को और मजबूत होने की उम्मीद जताई। इस दौरान भाजपा सांसद रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि "नितिन नबीन विनम्र और समर्पित कार्यकर्ता हैं। वे 5 बार विधायक रह चुके हैं। उन्होंने अपने कार्य से जो पहचान बनाई है, उसी के कारण पार्टी ने उन्हें यह सम्मान दिया है—और ऐसा सम्मान केवल भाजपा में ही संभव है।"
पदभार ग्रहण के बाद नितिन नबीन ने कहा कि पार्टी का यह विश्वास उनके लिए बड़ी जिम्मेदारी है और वे संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद बढ़ाने पर ध्यान देंगे।