



जयपुर के आमेर क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां 8 वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा से पड़ोस में रहने वाले युवक ने कई बार दुष्कर्म किया। ट्यूशन पर अकेला पाकर आरोपी ने छात्रा को अपनी हवस का शिकार बनाया और विरोध करने पर उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां देता रहा। चार साल तक डर के माहौल में जी रही नाबालिग ने आखिरकार हिम्मत जुटाकर अपने भाई को पूरी घटना बताई, जिसके बाद आमेर थाने में FIR दर्ज की गई। मामले की जांच SHO गौतम डोटासरा कर रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता के भाई ने रिपोर्ट दी कि उसकी 14 वर्षीय बहन प्राइवेट स्कूल में 8वीं कक्षा की छात्रा है और कॉलोनी में ही ट्यूशन पढ़ने जाती थी। 9 दिसंबर को पीड़िता डरी-सहमी हालत में घर आई। काफी पूछने पर उसने बताया कि करीब 4 साल पहले ट्यूशन के दौरान पड़ोसी युवक ने उसे अकेला पाकर पहली बार जबरन दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने बताया कि जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद मौके मिलते ही आरोपी नेलगभग 5 बार और उसके साथ दुष्कर्म किया। धमकियों के डर से वह किसी को कुछ नहीं बता सकी और लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित होती रही।
जब नाबालिग ने साहस जुटाकर भाई को पूरी सच्चाई बताई, तो परिजनों ने तुरंत आमेर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामले में POCSO एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि यह अत्यंत संवेदनशील मामला है और आरोपी को जल्द पकड़कर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवाया जा चुका है और काउंसलिंग की व्यवस्था भी की गई है।