



केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा अचानक और कड़ी कर दी गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय को मिले इनपुट के बाद शुक्रवार देर रात भोपाल और दिल्ली—दोनों स्थानों पर उनकी सुरक्षा व्यवस्था को तत्काल मजबूत किया गया।
भोपाल में 74 बंगला क्षेत्र स्थित बी-8 आवास के चारों ओर पुलिस ने अतिरिक्त बैरिकेडिंग कर दी है। सुरक्षा कर्मियों की तैनाती बढ़ा दी गई है और इलाके की निगरानी भी तेज कर दी गई है। इसी तरह दिल्ली में चौहान के सरकारी आवास पर भी सुरक्षा स्तर बढ़ाया गया है।
गृह मंत्रालय द्वारा जारी पत्र के मुताबिक पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की गतिविधियों और व्यक्तिगत जानकारी में दिलचस्पी दिखाने की कोशिश की है।
इस संदिग्ध गतिविधि की सूचना सुरक्षा एजेंसियों को मिली। इसके बाद गृह मंत्रालय ने इसे बेहद गंभीर खतरे की श्रेणी में रखते हुए तुरंत सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश जारी किए। पत्र में यह भी कहा गया है कि सुरक्षा एजेंसी की सलाह पर मंत्री की मौजूदा सुरक्षा संरचना की जांच की गई है और संभावित जोखिमों को रोकने के लिए सुरक्षा को समुचित रूप से बढ़ाया जाना आवश्यक है।
शिवराज सिंह चौहान पहले से ही Z+ श्रेणी की सुरक्षा में हैं, जो देश के सबसे उच्च सुरक्षा स्तरों में गिनी जाती है। इसके बावजूद नई रिपोर्टों और खुफिया इनपुट के कारण केंद्र सरकार ने एडिशनल लेयर ऑफ सिक्योरिटी लागू करने के आदेश दिए हैं।
गृह मंत्रालय ने एमपी डीजीपी, दिल्ली पुलिस के स्पेशल कमिश्नर (सिक्योरिटी) और एमपी के मुख्य सचिव को पत्र भेजकर सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इसमें चौहान की आवाजाही, आवास, कार्यक्रमों और सार्वजनिक सभाओं में सुरक्षा प्रोटोकॉल को और कड़ा करने की बात कही गई है।
भोपाल में उनके घर के आस-पास पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। खुफिया विभाग भी एक्टिव मोड पर है। दिल्ली से भी सुरक्षा टीमों को अतिरिक्त संवेदी निर्देश मिले हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को पहले ही निष्प्रभावी किया जा सके।