Saturday, 29 August 2026

राजस्थान में सड़क सुरक्षा अभियान की शुरुआत: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अमर जवान ज्योति से दिया सुरक्षित यातायात का संदेश, दिव्यांगजनों से भी हेलमेट पहनने की अपील


राजस्थान में सड़क सुरक्षा अभियान की शुरुआत: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अमर जवान ज्योति से दिया सुरक्षित यातायात का संदेश, दिव्यांगजनों से भी हेलमेट पहनने की अपील

राजस्थान सरकार के परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग की ओर से शनिवार को पूरे राज्य में सड़क सुरक्षा अभियान का शुभारंभ किया गया। इसका मुख्य समारोह जयपुर स्थित अमर जवान ज्योति पर आयोजित हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत गुब्बारे उड़ाकर और सड़क सुरक्षा अभियान के विशेष पोस्टर के विमोचन से की गई।

अभियान की औपचारिक शुरुआत मुख्यमंत्री ने वाहनों पर रिफ्लेक्टिव स्टीकर लगाकर की। इसका उद्देश्य रात के समय सड़क पर वाहनों की दृश्यता बढ़ाना और दुर्घटनाओं में कमी लाना है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उपस्थित दिव्यांगजनों से तिपहिया वाहनों पर भी हेलमेट लगाकर चलने की अपील की तथा यातायात नियमों के पालन का महत्व समझाया। समारोह में मौजूद सैकड़ों लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। मुख्यमंत्री शर्मा ने सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करने वाले गुड समैरिटन्स को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है और हर नागरिक नियमों का पालन कर अनेक जानें बचा सकता है।

मुख्यमंत्री शर्मा ने सड़क सुरक्षा जन जागृति रथ को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो प्रदेश के विभिन्न इलाकों में जाकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करेगा।

उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने बताया कि यह अभियान 11 से 25 दिसंबर तक चलेगा। इस अवधि में राज्यभर में जागरूकता कार्यक्रम, सड़क सुरक्षा कार्यशालाएं, हेलमेट एवं सीट बेल्ट उपयोग को बढ़ावा देने वाली गतिविधियां और दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद के प्रति संवेदनशीलता जगाने के प्रयास किए जाएंगे।

अमर जवान ज्योति पर हुए राज्य स्तरीय कार्यक्रम के साथ-साथ, राजस्थान के सभी जिलों में भी जिला स्तरीय आयोजन किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंच सके। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा सहित परिवहन विभाग और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous
Next

Related Posts