Wednesday, 04 February 2026

उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने विकास रथों को दिखाई हरी झंडी, कहा— ‘2 साल का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने, कांग्रेस के आंकड़े आज भी नदारद’


उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने विकास रथों को दिखाई हरी झंडी, कहा— ‘2 साल का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने, कांग्रेस के आंकड़े आज भी नदारद’

भाजपा सरकार के 2 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी शनिवार को अजमेर पहुंचीं। यहां मेडिकल कॉलेज परिसर से उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ आगामी दिनों में विभिन्न क्षेत्रों में जाकर सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाएंगे।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने सरकार के 2 साल का रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार ने अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियाँ हासिल की हैं। उन्होंने दावा किया कि राजस्थान में पहली बार कोई सरकार हर साल जनता और मीडिया के सामने अपना रिपोर्ट कार्ड पेश कर रही है, जो पारदर्शिता और जवाबदेही का उदाहरण है।

कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के 2 साल के आंकड़े ऑनलाइन उपलब्ध ही नहीं हैं। मैंने खुद तलाशने की कोशिश की, लेकिन कुछ नहीं मिला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की घोषणाएं केवल कागज़ पर नहीं रहीं, बल्कि विकास कार्य धरातल पर उतरे हैं।

उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने राइजिंग राजस्थान को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि इस आयोजन में 35 लाख करोड़ के एमओयू साइन हुए, जिनमें से 25% एमओयू धरातल पर उतर चुके हैं। साथ ही, पिछले दो वर्षों में 22 नई नीतियां लागू की गईं और प्रवासी राजस्थान कार्यक्रम बड़े स्तर पर आयोजित किए गए, जिससे नए निवेश और विकास के अवसर खुले हैं।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी, देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश भडाणा और विधायक अनीता भदेल सहित कई जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Previous
Next

Related Posts