



उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने शनिवार को अजमेर में सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने केवल वादे नहीं किए, बल्कि धरातल पर काम करके दिखाया है। सरकार ने 90 हजार सरकारी नौकरियां दी हैं, जबकि डेढ़ लाख से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है।
उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा सरकार के 2 साल का पूरा आंकड़ा उपलब्ध है, लेकिन कांग्रेस के 2 साल का कोई आंकड़ा ऑनलाइन नहीं मिलता। मैंने खुद ढूंढने की कोशिश की, पर नहीं मिला। उनके 3 वर्ष के आंकड़ों में भी सिर्फ लगभग 60 हजार भर्ती दिखाई देती है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को सरकारी नौकरी देना आसान प्रक्रिया नहीं है, लेकिन भाजपा सरकार ने इसे प्राथमिकता दी और इसे पूरी क्षमता से निभाया है।
उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने शिक्षा और भर्ती परीक्षाओं को लेकर महत्वपूर्ण दावा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में अब तक 296 परीक्षाएं आयोजित हुईं, और एक भी पेपर लीक नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि यह वही मुद्दा था जिस पर भाजपा ने जनता से वादा किया था और सरकार ने उस वादे को पूरी तरह निभाया है। उन्होंने कहा कि एनसीआरबी के अनुसार राजस्थान में अपराध के मामलों में 19% की कमी आई है, जो सरकार की बड़ी उपलब्धि है।
उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि पहली बार राजस्थान में 50 साल बाद आंगनवाड़ी केंद्रों की मरम्मत और सुधार का कार्य तेज गति से चल रहा है। उन्होंने पिछली कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया कि उनके समय में सड़कों का बुरा हाल था, लेकिन भाजपा सरकार ने व्यापक स्तर पर सड़क निर्माण और मरम्मत का काम किया है।
उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि आईफा अवार्ड जैसे बड़े आयोजन राजस्थान में होना बड़ी उपलब्धि है, क्योंकि इससे पर्यटन, फिल्म शूटिंग और अर्थव्यवस्था को बड़ा लाभ मिलता है। आईफा के बाद राजस्थान में कई फिल्मों की शूटिंग हुई है।
उन्होंने बताया कि देवमाली गांव में ‘जॉली एलएलबी’ मूवी की शूटिंग से भी स्थानीय लोगों की आय और पहचान बढ़ी है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य यही है कि घोषणाएं सिर्फ कागज पर न रहें, बल्कि धरातल पर उतरें और जनता को सीधा लाभ दें।