Friday, 12 December 2025

दुर्गापुरा में 10 दिवसीय संगीतमय श्री राम कथा अमृत वर्षा प्रारंभ, महिलाओं ने निकाली भव्य कलश यात्रा


दुर्गापुरा में 10 दिवसीय संगीतमय श्री राम कथा अमृत वर्षा प्रारंभ, महिलाओं ने निकाली भव्य कलश यात्रा
जयपुर। दुर्गापुरा स्थित शांति नगर में स्थित श्री शांतेश्वर महादेव मंदिर परिसर में शुक्रवार को 10 दिवसीय संगीतमय श्री राम कथा अमृत वर्षा महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। पूजा-अर्चना और मंत्रोच्चार के साथ कथा की शुरुआत अयोध्या के सुप्रसिद्ध गौ सेवक डॉ. उमाशंकर दास जी महाराज ने विधि-विधानपूर्वक की।
कथा के प्रथम दिन व्यासपीठ पर विराजित महाराज जी ने राम चरित मानस के माहात्म्य, तुलसीदास के सात संस्कृत श्लोकों और उसमें निहित सार की विस्तृत व्याख्या की। उन्होंने कहा कि “श्री राम कथा ही वास्तविक कथा है, बाकी सब व्यथा है। संतों का दो ही काम होता है—भगवान की कथा संसार तक पहुंचाना और संसार की व्यथा भगवान तक पहुँचाना।”
महाराज जी ने सभी श्रद्धालुओं से जीवन में आत्मसमीक्षा करने और भगवान की कृपा की प्रतीक्षा में धैर्य रखने का संदेश दिया।
श्री राम कथा का विस्तृत कार्यक्रम घोषित
महोत्सव के मुख्य संयोजक रवि शर्मा ने बताया कि अगले 10 दिनों तक कथा में श्रीराम जीवन के विभिन्न प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा
  • द्वितीय दिवस: सती चरित्र एवं शिव-पार्वती विवाह
  • तृतीय दिवस: श्रीराम जन्मोत्सव
  • चतुर्थ दिवस: बाल लीलाएँ एवं उद्धार
  • पंचम दिवस: श्रीराम-विवाह
  • षष्ठ दिवस: वनगमन एवं केवट प्रसंग
  • सप्तम दिवस: भरत चरित्र
  • अष्टम दिवस: शबरी प्रसंग
  • नवम दिवस: श्री हनुमान चरित्र
  • दसवां दिवस: लंका विजय, अयोध्या आगमन एवं राम राज्याभिषेक
  • अंतिम दिन हवन, पूर्णाहुति एवं महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा।
    उन्होंने बताया कि कथा प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से सायं 5 बजे तक आयोजित होगी।
कलश यात्रा में उमड़ा भक्तों का उत्साह
शुभारंभ के अवसर पर शुक्रवार सुबह दुर्गा माता मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसने विभिन्न मार्गों से होते हुए श्री शांतेश्वर महादेव मंदिर तक का सफर तय किया। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्ण सहभागिता की।
कलश यात्रा से पूर्व दुर्गा माता मंदिर में डॉ. उमाशंकर दास जी महाराज का धीर सिंह शेखावत ने साफा बाँधकर पारंपरिक स्वागत किया। यात्रा के दौरान रथ पर विराजित महाराज का नागरिकों ने विभिन्न स्थानों पर माल्यार्पण कर गर्मजोशी से स्वागत किया।
भक्तों की बड़ी संख्या रही मौजूद
कार्यक्रम में अर्जुन सिंह खंगारोत, जगदीश शर्मा, सत्यनारायण जैमन, पीके शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रीराम भक्त महिलाएँ एवं पुरुष उपस्थित रहे। पूरे क्षेत्र में भक्ति एवं उत्साह का माहौल बना रहा।
Previous
Next

Related Posts