



वरिष्ठ कांग्रेस नेता और देश के पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल का शुक्रवार सुबह 90 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने लातूर स्थित अपने निवास देवघर में सुबह 6:30 बजे अंतिम सांस ली। कई दिनों से अस्वस्थ चल रहे पाटिल का वहीं उपचार चल रहा था। उनका अंतिम संस्कार शनिवार को किया जाएगा। परिवार में बेटे शैलेश, बहू अर्चना और दो पोतियां हैं।
शिवराज पाटिल भारतीय राजनीति के उन चुनिंदा नेताओं में रहे, जिन्होंने लंबे समय तक केंद्र की सत्ता में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं। लातूर लोकसभा सीट से वे 7 बार सांसद रहे और इंदिरा गांधी व राजीव गांधी के अत्यंत विश्वस्त नेताओं में शामिल थे। 1980 के दशक में उन्होंने रक्षा मंत्री के रूप में कार्य किया, जबकि 1991 से 1996 तक वे लोकसभा के 10वें अध्यक्ष रहे—जो उनके संसदीय अनुभव और नेतृत्व क्षमता का बड़ा प्रतीक माना जाता है।