



जयपुर। भजनलाल सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आमजन को राहत देने के लिए जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) द्वारा बड़ा कदम उठाते हुए 17 से 24 दिसंबर तक शहरी समस्या समाधान शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर जेडीए परिसर स्थित नागरिक सेवा केंद्र में रोज़ाना सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा, जिसमें लोगों की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया जाएगा।
जेडीए के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में शिविर में आने वाले आवेदकों की शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य पिछले दो वर्षों में मिले लंबित प्रकरणों के साथ-साथ हाल में प्राप्त आवेदनों को प्राथमिकता देकर निपटारा करना है।
शिविर में शहरी सेवा शिविर, लंबित मामले, और 18 अक्टूबर–2 नवंबर 2025 तथा 8 नवंबर–16 दिसंबर 2025 के बीच प्राप्त नए आवेदनों की सुनवाई की जाएगी। साथ ही संपर्क पोर्टल, मुख्यमंत्री कार्यालय, मुख्य सचिव कार्यालय और जनप्रतिनिधियों से प्राप्त शिकायतों का भी निस्तारण किया जाएगा।
आवेदकों को उनके मामले की सुनवाई के लिए मोबाइल मैसेज और फोन कॉल के माध्यम से टाइम स्लॉट की जानकारी दी जाएगी। शिविर स्थल पर हेल्प डेस्क, ई-मित्र सुविधा और जोनवार बैठने की व्यवस्था भी की गई है। निस्तारित प्रकरणों पर “शहरी समस्या समाधान शिविर” की विशेष मोहर लगाई जाएगी। शिविर संचालन के लिए अतिरिक्त आयुक्त (प्रशासन) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि यदि किसी दिन शाम 5 बजे तक सुनवाई पूरी नहीं होती है, तो टीम कार्य पूर्ण होने तक शिविर जारी रखेगी। इससे लोगों को बिना किसी देरी के राहत उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
जोनवार सुनवाई का शेड्यूल:
17 दिसंबर
जोन: 3, 4, 5, 6, 7
18 दिसंबर
जोन: 5, 6, 7, 8
(PRN) उत्तर के प्रकरण
19 दिसंबर
जोन: 5, 7, 8, 19
(PRN) दक्षिण के प्रकरण
20 दिसंबर
जोन: 1, 9, 10, 11, 12, 14
22 दिसंबर
जोन: 9, 10, 11, 12, 13, 14
23 दिसंबर
जोन: 2, 9, 11, 12, 13, 14
24 दिसंबर (अंतिम दिन)
जोन: 11, 12, 13, 22