Saturday, 29 August 2026

राजस्थान :दूदू में ट्रांसजेंडर ने टिकट लेने से किया इंकार, बस सीधे थाने पहुंची


राजस्थान :दूदू में ट्रांसजेंडर ने टिकट लेने से किया इंकार, बस सीधे थाने पहुंची

दूदू। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की एक बस में गुरुवार को टिकट श्रेणी को लेकर ट्रांसजेंडर वकील और परिचालक के बीच हुआ विवाद थाने तक पहुंच गया। ब्यावर डिपो की जयपुर–जोधपुर रूट पर चल रही बस में जयपुर से सवार हुई ट्रांसजेंडर वकील को परिचालक ने महिला श्रेणी का टिकट जारी किया। वकील ने इसे अस्वीकार करते हुए कहा कि उन्हें ट्रांसजेंडर कैटेगरी का टिकट दिया जाए।

परिचालक ने बताया कि टिकट मशीन में केवल पुरुष और महिला — दो ही विकल्प उपलब्ध हैं, इसलिए ट्रांसजेंडर श्रेणी का टिकट जारी करना संभव नहीं है। इसी बात को लेकर बहस बढ़ गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

पुलिस ने पहुंचकर कराया समझौता

विवाद बढ़ने पर चालक–परिचालक बस को दूदू थाने ले आए। थानाधिकारी मुकेश कुमार और पुलिस टीम ने लगभग आधे घंटे तक दोनों पक्षों को समझाइश दी, जिसके बाद मामला शांत हुआ।

वकील का पक्ष

वकील ने कहा कि सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त ट्रांसजेंडर कैटेगरी आधार कार्ड में भी मौजूद है, इसलिए उन्हें उसी श्रेणी में टिकट मिलना चाहिए। यदि मशीन में विकल्प नहीं है, तो “जीरो टिकट” जारी कर यात्रा की अनुमति दी जानी चाहिए थी।
उन्होंने बताया कि उनके अधिकारों का लगातार उल्लंघन हो रहा है, और वे जल्द ही इस मुद्दे पर हाईकोर्ट में रिट दायर करेंगी।

रोडवेज प्रशासन का पक्ष

अधिकारियों के अनुसार, “ट्रांसजेंडर टिकट श्रेणी को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है। सरकार जब दिशा–निर्देश जारी करेगी, तभी अलग टिकट श्रेणी बनाई जाएगी।”

    Previous
    Next

    Related Posts