Saturday, 29 August 2026

प्रवासी राजस्थानी दिवस पर जयपुर पहुंचे अतिथियों का माणक एवं दैनिक जलतेदीप ने किया स्वागत–सम्मान, पदम मेहता बोले—राजस्थानी भाषा की मान्यता के लिए प्रवासी एकजुट हों


प्रवासी राजस्थानी दिवस पर जयपुर पहुंचे अतिथियों का माणक एवं दैनिक जलतेदीप ने किया स्वागत–सम्मान, पदम मेहता बोले—राजस्थानी भाषा की मान्यता के लिए प्रवासी एकजुट हों

जयपुर। प्रवासी राजस्थानी दिवस के अवसर पर राजधानी जयपुर में कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान के मंथन सभागार में एक गरिमामय स्वागत समारोह आयोजित किया गया। माणक राजस्थानी मासिक एवं दैनिक जलतेदीप द्वारा आयोजित इस समारोह में देश–विदेश से आए राजस्थान फाउंडेशन के चैप्टर अध्यक्षों और प्रवासी प्रतिनिधियों का हर्षोल्लास से स्वागत एवं सम्मान किया गया।

माणक एवं दैनिक जलतेदीप के प्रधान संपादक पदम मेहता ने सभी अतिथियों का हार्दिक अभिनंदन करते हुए राजस्थानी मासिक ‘माणक’ के 45 वर्षों के स्वर्णिम सफर का उल्लेख किया। उन्होंने राजस्थानी भाषा, संस्कृति और साहित्य के संवर्धन में माणक की भूमिका को रेखांकित किया। मेहता ने प्रवासी राजस्थानियों से आह्वान किया कि राजस्थानी भाषा को संवैधानिक मान्यता दिलाने के लिए सभी प्रवासी एकजुट होकर प्रयास करें।

कार्यक्रम में देश–विदेश के कई चैप्टर अध्यक्ष उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख नाम शामिल हैं—हरगोविंद सिंह राणा (म्यूनिख–जर्मनी), डॉ. सोनवीर सिंह (नैरोबी–केन्या), अमराराम जांगिड़ (दुबई–यूएई), दाऊदयाल गुप्ता (सिंगापुर), त्रिभुवन खंडेलवाल (टोक्यो–जापान), डॉ. विजय सोनी (रियाद–सऊदी अरब), मनीष कल्ला (कंपाला–युगांडा), रामअवतार किला (दिल्ली), रतन शर्मा (गुवाहाटी), गणपत कोठारी (मुंबई), अजय कुमार अग्रवाल (लंदन–यूके), डॉ. पूर्णिमा वोरिया (न्यूयॉर्क–यूएसए), संतोष कुमार पुरोहित (कोलकाता) आदि। सभी अतिथियों का पदम मेहता ने शॉल ओढ़ाकर, प्रबंध संपादक दीपक मेहता ने स्मृति चिन्ह देकर, और प्रवासी प्रभारी विनोद शर्मा ने माल्यार्पण कर सम्मान किया। कार्यक्रम में विक्रम सिंह राजपुरोहित (सूरत), प्रवीण जैन (सिंगापुर), तरंग सोनी (यूएसए), मयूरी चौरड़िया (लंदन–यूके), भंवरलाल गौड़ (वडोदरा) सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों का भी स्वागत किया गया।


मुंबई चैप्टर अध्यक्ष गणपत कोठारी द्वारा राजस्थान फाउंडेशन के चैप्टर अध्यक्षों और देश–विदेश से आए प्रवासियों के सम्मान में कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान में विशेष लंच का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गणपत कोठारी ने सभी अतिथियों का शॉल ओढ़ाकर गर्मजोशी से स्वागत किया।
राजस्थान फाउंडेशन की आयुक्त मनीषा अरोड़ा ने आए हुए सभी प्रवासियों को संबोधित करते हुए 10 दिसंबर को जेईसीसी, सीतापुरा में आयोजित होने वाले प्रवासी राजस्थानी दिवस समारोह की रूपरेखा और विभिन्न सेमिनारों की जानकारी दी। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील भी की।

Previous
Next

Related Posts