



जयपुर में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब जीआरपी थाना के ठीक सामने फुटपाथ पर एक लावारिस बैग पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब बैग की जांच की, तो उसमें टेप से लिपटे दो बड़े पैकेट मिले, जिनमें भारी मात्रा में ड्रग्स भरा हुआ था। पुलिस ने तुरंत बैग जब्त कर लिया और अब CCTV फुटेज के आधार पर तस्करों की तलाश शुरू कर दी है।
SHO (सिंधीकैंप) माधो सिंह ने बताया कि मैट्रो स्टेशन के नीचे बने फुटपाथ पर संदिग्ध बैग पड़े होने की सूचना लोगों ने पुलिस को दी। सदर थाना पुलिस की गश्ती टीम मौके पर पहुंची तो बैग बंद हालत में मिला और उसकी चेन लगी हुई थी।
बैग खोलकर चेक करने पर उसमें प्लास्टिक और शैलो टेप से कसकर लिपटे दो बंडल मिले। जब इन्हें खोला गया तो दोनों पैकेटों में गांजा भरा मिला। कुल करीब 20 किलो गांजा बरामद किया गया है।
ड्रग्स की बड़ी खेप मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे CCTV कैमरों को खंगाला जा रहा है, ताकि पता लगाया जा सके कि बैग वहां किसने छोड़ा। पुलिस का मानना है कि तस्कर किसी दबाव या डर की वजह से बैग वहीं छोड़कर फरार हो सकता है।