



राजस्थान हाईकोर्ट जयपुर के आधिकारिक ई-मेल पर 6 RDX ब्लास्ट की धमकी मिलने के बाद सोमवार को दिनभर हड़कंप मच गया। धमकी मिलने के तुरंत बाद हाईकोर्ट परिसर खाली करवाया गया और करीब दो घंटे तक सभी न्यायिक कार्य पूरी तरह रोक दिए गए। इस मामले में अशोक नगर थाना पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धमकी भरा ई-मेल: “2 घंटे में हाईकोर्ट में होंगे 6 RDX ब्लास्ट”
शिकायत के अनुसार, 8 दिसंबर दोपहर 11:23 बजे हाईकोर्ट की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर एक मेल आया। मेल में लिखा था—
“2 घंटे के अंदर हाईकोर्ट में 6 RDX IEDs ब्लास्ट होंगे। लाल किले का बदला। सभी जजों को निकाल लो।”
साथ ही ई-मेल में मनोज कुमार सोनी नाम का जिक्र, लाल किले की घटना, ISI एजेंटों और कई राजनीतिक एवं सामाजिक संदर्भों का हवाला देते हुए उकसाने वाला संदेश लिखा गया। मेल में कहा गया—
“जब जयपुर रोता है, तभी आरणा मुस्कुरा सकती है।”
ई-मेल में ISI एजेंट और तमिलनाडु पुलिस का संदर्भ
ई-मेल में पाकिस्तान की ISI के एक एजेंट मुस्तफा अली सैयद का जिक्र करते हुए कई सनसनीखेज दावे किए गए। यह भी लिखा गया कि तमिलनाडु IPS अधिकारी “A. Arun” उसकी असली पहचान जानते हैं।
इसके अलावा चेन्नई, तिरुपुरनकुंड्रम दरगाह, CPI(M) की स्थानीय ब्रांच, लेखकों और सामाजिक मामलों का उल्लेख करते हुए धमकी को एक “सबक” बताया गया।
2 घंटे तक हाईकोर्ट में कामकाज पूरी तरह बंद
धमकी मिलते ही हाईकोर्ट प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सभी कोर्टरूम की सुनवाई रोकी गई
पूरे परिसर को खाली करवाया गया
न्यायिक अधिकारी, वकील और परिवादियों को बाहर भेजा गया
एंटी-बॉम्ब स्क्वॉड ने हाईकोर्ट की सघन तलाशी की
करीब दो घंटे तक हाईकोर्ट का पूरा परिसर लॉकडाउन मोड में रहा। न्यायिक कार्य बाधित होने से हजारों मामलों की सुनवाई प्रभावित हुई।
FIR दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच
न्यायिक अधिकारी नवल किशोर मित्तल की रिपोर्ट पर अशोक नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
पुलिस साइबर टीम के साथ मिलकर ई-मेल भेजने वाले की पहचान जुटाने में लगी है।
पुलिस का कहना है कि—
धमकी गंभीर है
ई-मेल का स्रोत ट्रेस किया जा रहा है
तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की पहचान जल्द की जाएगी