



राजस्थान के वैश्विक प्रवासियों को समर्पित बहुप्रतीक्षित प्रवासी राजस्थान दिवस में शामिल होने के लिए देश-विदेश के दिग्गज उद्योगपति मंगलवार रात तक जयपुर पहुंचने लगेंगे। इनमें वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल, टाटा पावर के एमडी प्रवीर सिन्हा सहित कई बड़े नाम शामिल हैं। आयोजन में आने वाले सभी विशिष्ट अतिथियों की सुविधा और समन्वय के लिए सरकार ने 50 आरएएस अधिकारियों को प्रोटोकॉल और कोऑर्डिनेशन की जिम्मेदारी सौंपी है।
मुख्य कार्यक्रम बुधवार सुबह 11 बजे से जेईसीसी, सीतापुरा में शुरू होगा। उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा राज्य में निवेश की नई संभावनाओं और एक लाख करोड़ रुपये के नए निवेश प्रस्तावों (एमओयू) की ग्राउंडब्रेकिंग की जानकारी देंगे। इस अवसर पर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, राजस्थान और पंजाब के राज्यपाल भी मौजूद रहेंगे। साथ ही, "कमिटमेंट इन एक्शन" कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया जाएगा, जिसमें पूर्व निवेश प्रस्तावों की प्रगति का विवरण दर्ज है।
उद्घाटन सत्र में राजस्थान और प्रवासी राजस्थानी समुदाय के भावनात्मक जुड़ाव को प्रदर्शित करने वाली एक विशेष फिल्म भी दिखाई जाएगी। इसके बाद पूरे दिन अलग-अलग सेक्टर आधारित सेशन्स होंगे। रिन्युएबल एनर्जी, पर्यटन, शिक्षा, उद्योग, हेल्थकेयर, जल संसाधन और माइनिंग जैसे विषयों पर विशेषज्ञ, उद्यमी और अधिकारी मिलकर चर्चा करेंगे। इन चर्चाओं का उद्देश्य राज्य में नई संभावनाओं की पहचान, निवेश मॉडल और भविष्य की रणनीतियों पर विचार-विमर्श करना है।
शाम के समय आयोजित होने वाला ओपन हाउस सत्र प्रवासी राजस्थानियों के लिए सबसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस मंच के माध्यम से वे राज्य में निवेश, साझेदारी, नीतिगत सुधार और सहयोग के अवसरों को लेकर सरकार के साथ सीधा संवाद कर सकेंगे। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रवासी राजस्थानियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
दिनभर चलने वाले आयोजनों का समापन भव्य सांस्कृतिक संध्या से होगा, जिसमें घूमर, कालबेलिया और फ्यूजन परफॉर्मेंस के माध्यम से राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा।
स्थान: महाराणा प्रताप हॉल
मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, राज्यपाल एवं उद्योग जगत की शीर्ष हस्तियों की उपस्थिति
निवेश प्रस्तावों की ग्राउंडब्रेकिंग
“कमिटमेंट इन एक्शन” कॉफी टेबल बुक का विमोचन
स्थान: हॉल-B
महाराजा सूरज मल हॉल (हॉल-1): प्रवासी राजस्थानी संवाद व ओपन हाउस
मीरा बाई हॉल (हॉल-2): नई व अक्षय ऊर्जा—बैटरी स्टोरेज व भविष्य की ऊर्जा रणनीति
पन्ना धाय हॉल (हॉल-3): पर्यटन—राजस्थान में नए टूरिज्म मॉडल और भविष्य की दिशा
अमृता देवी हॉल (हॉल-4): शिक्षा—ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था और एजुकेशन सेक्टर में निवेश
महाराजा सूरज मल हॉल (हॉल-1): उद्योग सत्र—राजस्थान में औद्योगिक बदलाव और भविष्य
मीरा बाई हॉल (हॉल-2): स्वास्थ्य सत्र—हेल्थकेयर सेवाओं का आधुनिकीकरण
पन्ना धाय हॉल (हॉल-3): वॉटर सत्र—जल संसाधन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर
अमृता देवी हॉल (हॉल-4): माइनिंग सत्र—खनन क्षेत्र की संभावनाएं और औद्योगिक भूमिका
घूमर, कालबेलिया, फ्यूजन प्रस्तुति
राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत का रंगारंग प्रदर्शन