Saturday, 29 August 2026

प्रवासी राजस्थानी दिवस 2025: 10 दिसंबर को वैश्विक प्रवासी जयपुर में होंगे एकजुट, 1 लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों की ग्राउंडब्रेकिंग


प्रवासी राजस्थानी दिवस 2025: 10 दिसंबर को वैश्विक प्रवासी जयपुर में होंगे एकजुट, 1 लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों की ग्राउंडब्रेकिंग

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के दूरदर्शी नेतृत्व में राज्य सरकार 10 दिसंबर को जयपुर के जेईसीसी सभागार में आयोजित होने वाले बहुप्रतीक्षित ‘प्रवासी राजस्थानी दिवस 2025’ के लिए पूरी तरह तैयार है। यह भव्य समारोह विश्वभर में बसे प्रवासी राजस्थानियों को अपनी जड़ों से जोड़ने, राज्य की सामाजिक-आर्थिक प्रगति में उनके योगदान का सम्मान करने और राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर बनेगा।

समारोह के उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य उद्बोधन देंगे, जिसमें वे प्रवासी राजस्थानी समुदाय के साथ साझेदारी, आर्थिक विकास, ग्लोबल कनेक्ट और सांस्कृतिक एकता पर अपनी सरकार के विज़न को साझा करेंगे। इस अवसर पर राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया और केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल भी संबोधित करेंगे।

कार्यक्रम की शुरुआत ‘प्रगति पथ’ प्रदर्शनी के उद्घाटन से होगी, जिसमें राजस्थान की विकास यात्रा और वर्तमान सरकार की उपलब्धियां प्रदर्शित की जाएंगी। उद्योग मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ स्वागत उद्बोधन देंगे। उद्घाटन सत्र की शोभा बढ़ेगी जब देश के प्रमुख उद्योगपतियों—वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल, पीरामल ग्रुप के चेयरमैन अजय पीरामल और टाटा पावर के सीईओ एवं एमडी प्रवीर सिन्हा—राजस्थान में उद्योग एवं निवेश की अपार संभावनाओं और सरकार के सुधारात्मक कदमों पर अपने विचार साझा करेंगे।

कार्यक्रम में राजस्थान और प्रवासी राजस्थानी समुदाय के भावनात्मक संबंधों को दर्शाती एक विशेष फिल्म प्रदर्शित की जाएगी। इसी सत्र में 1 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्तावों (MoU) की ग्राउंडब्रेकिंग होगी। इससे राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट 2024 के बाद से अब तक धरातल पर उतर चुके निवेशों का कुल मूल्य 8 लाख करोड़ रुपए हो जाएगा—जो राजस्थान में निवेश आधारित विकास के नए युग की शुरुआत है।इसके साथ ही, राज्य सरकार की उपलब्धियों और निवेश प्रगति को दर्शाती कॉफी टेबल बुक “Commitment in Action” का भी लोकार्पण किया जाएगा। समारोह में विदेशों में उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित करने वाले प्रवासी राजस्थानियों को ‘प्रवासी राजस्थानी सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। उद्घाटन सत्र का समापन मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास के संबोधन से होगा।

समारोह में राज्य सरकार के मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग-विश्व के दिग्गज, विशेषज्ञ, निवेशक, सांस्कृतिक व्यक्तित्व और देश-विदेश से आए प्रवासी राजस्थानी शामिल होंगे।
एक विशेष आकर्षण प्रवासी राजस्थानियों (NRRs) के साथ ओपन हाउस सत्र होगा, जिसमें निवेश, विकास सहयोग, नीति समर्थन और राज्य की नई पहल पर खुली और सार्थक चर्चा होगी।इसके अलावा रिन्यूएबल एनर्जी, पर्यटन, शिक्षा, उद्योग, स्वास्थ्य, जल संसाधन और माइनिंग पर आधारित सात सेक्टोरल सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विशेषज्ञ, नीति निर्माता और उद्यमी नए अवसरों, तकनीकी नवाचारों, उद्योग विकास और सतत प्रगति पर विचार-विमर्श करेंगे। समारोह का भव्य समापन सांस्कृतिक संध्या से होगा, जिसमें घूमर, कालबेलिया और अन्य राजस्थानी लोक नृत्यों के साथ प्रसिद्ध कलाकारों का विशेष फ्यूज़न परफॉर्मेंस राजस्थान की सांस्कृतिक धरोहर को जीवंत करेगा।

Previous
Next

Related Posts