



राजस्थान हाईकोर्ट परिसर को उड़ाने की धमकी वाला मेल एक बार फिर हाईकोर्ट प्रशासन को मिला है। चार दिन में यह दूसरी धमकी है। इससे पहले 31 अक्टूबर को भी इसी तरह का धमकी भरा मेल आया था। मेल मिलते ही हाईकोर्ट प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरे परिसर को खाली कराया और सभी न्यायाधीशों ने प्रकरणों की सुनवाई बीच में रोक दी।
हाईकोर्ट चौकी प्रभारी सुमेर सिंह के अनुसार, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड द्वारा पूरे परिसर की सघन तलाशी ली जा रही है। न्यायिक कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और पक्षकारों को बाहर भेज दिया गया है। अब तक तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
हाईकोर्ट बार एसोसिएशन जयपुर के पूर्व अध्यक्ष प्रहलाद शर्मा ने कहा कि हाईकोर्ट की सुरक्षा मज़ाक बनकर रह गई है। डेढ़ माह में यह तीसरी बार धमकी मिली है, लेकिन जांच एजेंसियां अभी तक मेल भेजने वाले का पता नहीं लगा पाई हैं। अधिवक्ताओं का कहना है कि हर बार धमकी मिलने पर सुनवाई बाधित होती है, जिससे न्यायिक कामकाज प्रभावित होता है और भय का माहौल भी बनता है।
अधिवक्ता रामप्रताप सैनी ने भी इस मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि पुलिस और हाईकोर्ट प्रशासन को सभी ईमेल की गहराई से जांच कर दोषियों को जल्द से जल्द पकड़ना चाहिए।