Saturday, 29 August 2026

जयपुर में व्हाट्सएप कंज्यूमर न्यूज चैनल का लोकार्पण, उपभोक्ता जागरूकता को नया डिजिटल मंच


जयपुर में व्हाट्सएप कंज्यूमर न्यूज चैनल का लोकार्पण, उपभोक्ता जागरूकता को नया डिजिटल मंच

जयपुर के गंगवाल पार्क में शुक्रवार को उपभोक्ता अधिकारों के लिए समर्पित एक महत्वपूर्ण डिजिटल पहल का शुभारंभ हुआ। देश के प्रमुख उपभोक्ता आंदोलनकारी और कंज्यूमर कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडिया (CCI) के चेयरमैन डॉ. अनन्त शर्मा ने व्हाट्सएप कंज्यूमर न्यूज चैनल का लोकार्पण करते हुए कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी बाजार व्यवस्था में उपभोक्ता हितों की सुरक्षा तभी संभव है जब उपभोक्ता स्वयं जागरूक और सजग हों। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा उपभोक्ता संरक्षण के लिए पर्याप्त कानूनी प्रावधान किए गए हैं, इसलिए किसी भी शोषण या विवाद की स्थिति में उपभोक्ता अपने अधिकारों का प्रयोग कर उचित राहत प्राप्त कर सकते हैं।

डॉ. शर्मा ने भरोसा जताया कि यह नया न्यूज चैनल उपभोक्ताओं के लिए एक प्रभावी डिजिटल माध्यम बनेगा, जहां उपभोक्ता अधिकारों, जागरूकता अभियानों, उपभोक्ता मंचों के महत्वपूर्ण फैसलों और दैनिक उपयोगी जानकारी का सरल और त्वरित प्रसार होगा। इसी दौरान उन्होंने आगामी उपभोक्ता जागरूकता भारत यात्रा के कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी और आम उपभोक्ताओं से सक्रिय सहयोग का आग्रह किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पत्रकार प्रदीप द्विवेदी ने कहा कि सोशल मीडिया, संवाद माध्यमों और स्वैच्छिक संगठनों की भागीदारी उपभोक्ता हितों के संरक्षण में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने चैनल को जनहित में अधिक प्रभावी और उपयोगी बनाने के सुझाव भी दिए।

CCI के राष्ट्रीय प्रमुख सचिव निरंजन द्विवेदी ने चैनल की सामग्री, उद्देश्य और उपभोक्ता संबंधी विषयों पर जानकारी साझा की। वहीं CCI के निदेशक कैलाश कुमावत ने बताया कि विश्व उपभोक्ता दिवस 24 दिसंबर से शुरू होने वाली उपभोक्ता जागरूकता भारत यात्रा देशभर में बड़े पैमाने पर आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर CCI के राष्ट्रीय महासचिव मुकेश वैष्णव, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रमेश ओझा, प्रदेश महासचिव जी.के. गौड़ सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

    Previous
    Next

    Related Posts