Saturday, 29 August 2026

सहायक आचार्य भर्ती परीक्षा पर हाईकोर्ट की हरी झंडी: 7 दिसंबर से ही होगी परीक्षा, सिंगल बेंच का आदेश रद्द


सहायक आचार्य भर्ती परीक्षा पर हाईकोर्ट की हरी झंडी: 7 दिसंबर से ही होगी परीक्षा, सिंगल बेंच का आदेश रद्द

राजस्थान में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा 7 दिसंबर से ही आयोजित होगी। राजस्थान हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने गुरुवार को बड़ा फैसला देते हुए सिंगल बेंच द्वारा परीक्षा पर लगाई गई रोक को रद्द कर दिया। सिंगल बेंच ने 3 दिसंबर को परीक्षा स्थगित करते हुए राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) को अपडेटेड सिलेबस जारी कर 30 दिन बाद परीक्षा आयोजित करने के निर्देश दिए थे।

डिवीजन बेंच ने कहा कि कुल 92,600 अभ्यर्थियों में से केवल 6 लोगों ने याचिका दायर की है, जबकि परीक्षा की तैयारी, सेंटर अलॉटमेंट और व्यवस्थाएं पहले ही पूरी हो चुकी हैं। कोर्ट ने याचिकाकर्ताओं की दलीलों पर सवाल उठाते हुए कहा कि वे एक तरफ सिलेबस अपलोड न होने की बात कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ यह भी कह रहे हैं कि सिलेबस बहुत विस्तृत है और तैयारी का पर्याप्त समय नहीं मिला—दोनों बातें परस्पर विरोधाभासी हैं।

RPSC की ओर से डिवीजन बेंच को बताया गया कि अपडेटेड सिलेबस 8 अक्टूबर को ही वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया था, हालांकि उसे जारी करने की तकनीकी तारीख 26 मार्च 2025 दर्शाई गई थी। आयोग ने तर्क दिया कि यह ‘अपडेटेड सिलेबस’ ही लागू होना था और सिंगल बेंच ने इस तथ्य पर ध्यान नहीं दिया। आयोग ने यह भी कहा कि परीक्षा रोकने से भारी वित्तीय खर्च, तैयारी की बर्बादी और व्यवस्थाओं में अव्यवस्था होगी।

सिंगल बेंच का आदेश रद्द होने के बाद RPSC ने तुरंत कैंडिडेट्स के एडमिट कार्ड अपलोड कर दिए। मुख्य परीक्षा नियंत्रक IAS आशुतोष गुप्ता ने कहा कि अभ्यर्थी वेबसाइट से अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। आयोग ने बताया कि सभी सेंटर फाइनल कर लिए गए हैं और परीक्षा करवाने की पूरी तैयारी हो चुकी है। डिवीजन बेंच के फैसले के बाद अब 574 पदों पर सहायक आचार्य भर्ती परीक्षा निर्धारित कार्यक्रम अनुसार 7 दिसंबर से ही आयोजित की जाएगी।

    Previous
    Next

    Related Posts