Saturday, 29 August 2026

अजमेर दरगाह और कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी: ईमेल के बाद 3 घंटे तक चला सर्च ऑपरेशन, कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली


अजमेर दरगाह और कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी: ईमेल के बाद 3 घंटे तक चला सर्च ऑपरेशन, कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली

अजमेर में गुरुवार दोपहर हड़कंप मच गया, जब कलेक्टर की आधिकारिक ईमेल आईडी पर दरगाह गरीब नवाज और कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी मिली। ईमेल में दावा किया गया कि “अजमेर कुडनकुलम परमाणु संयंत्र, कलेक्टर कार्यालय और दरगाह गरीब नवाज में 4 RDX IED लगाए गए हैं। पुतिन के आते ही विस्फोट हो जाएगा।” इस संदेश के मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और इंटेलिजेंस एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हो गईं।

फौरन कलेक्ट्रेट और दरगाह परिसर को खाली कराया गया। पुलिस ने मेटल डिटेक्टर, डॉग स्क्वॉड और बम डिस्पोजल टीम की मदद से दोनों स्थानों पर व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। दरगाह में जायरीनों की एंट्री अस्थायी रूप से रोक दी गई, ताकि सर्च ऑपरेशन सुरक्षित तरीके से पूरा किया जा सके।

कलेक्ट्रेट को चेक किया जा रहा

एसपी वंदिता राणा ने बताया- कलेक्ट्रेट में एक ईमेल मिला है। इसमें अजमेर दरगाह और कलेक्ट्रेट को उड़ाने की धमकी दी गई है। ईमेल मिलने के बाद सभी डिपार्टमेंट एक्टिव हो चुके हैं। कलेक्ट्रेट को पूरी तरीके से चेक किया गया है। अब दरगाह को खाली करवा कर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। फिलहाल कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।दरगाह को करवाया खाली अजमेर दरगाह को पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने खाली करवा दिया है। दरगाह के बाहर जायरीनों की भीड़ लग चुकी है। दरगाह के चारों तरफ गेट पर एंट्री बंद कर दी गई है। मेटल डिटेक्टर और डॉग स्क्वॉड से चेकिंग की जा रही है। शहर के तीनों सीईओ, शहर के 9 थानों के थाना अधिकारी, पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया गया है।

एडिशनल एसपी दीपक शर्मा ने बताया कि धमकी भरा ईमेल सीधे कलेक्टर की आधिकारिक आईडी पर आया था। सूचना मिलते ही दोनों स्थानों पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया, जिसमें कलेक्ट्रेट में लगभग 1 घंटे और दरगाह में करीब 2 घंटे तक हर कोने की गहन जांच की गई। टीमों ने पूरे क्षेत्र को खंगाला, लेकिन कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला। फिलहाल पुलिस साइबर सेल के साथ मिलकर ईमेल भेजने वाले की पहचान का पता लगाने में जुटी है। प्रशासन ने इसे गंभीर सुरक्षा मुद्दा मानते हुए शहर में चौकसी बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि भले ही यह धमकी फर्जी निकली हो, लेकिन सुरक्षा के दृष्टिकोण से हर संदेश की जांच आवश्यक है।

    Previous
    Next

    Related Posts