



राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत बुधवार को एकदिवसीय प्रवास पर भीलवाड़ा पहुंचे। यहां हरणी महादेव रोड स्थित एक रिसॉर्ट में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होकर उन्होंने नवविवाहित दंपती को आशीर्वाद दिया। उनके आगमन पर भीलवाड़ा संघ परिवार के पदाधिकारियों ने स्वागत किया और प्रदेश-शहर से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।
दोपहर बाद भागवत कुटुंब परिवार बैठक में शामिल हुए, जिसमें भीलवाड़ा शहर के करीब 550 परिवारों ने भाग लिया। बैठक में आधुनिक समय में पारिवारिक व्यवस्था, परिवारों में बढ़ते बिखराव, पारिवारिक मूल्यों और एकीकरण जैसे मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। भागवत ने पारिवारिक संरचना को मजबूत करने पर जोर देते हुए अपने विचार रखे।
संघ प्रमुख के दौरे को देखते हुए शहर, रेलवे स्टेशन और आयोजन स्थल के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। मोहन भागवत रात 8 बजे चेतक ट्रेन से प्रस्थान कर गए। कार्यक्रम में क्षेत्रीय प्रचारक निंबाराम, चित्तौड़ प्रांत के पदाधिकारी और कई वरिष्ठ स्वयंसेवक उपस्थित रहे।