



जयपुर में दिल दहला देने वाली वारदात में पेट्रोल डालकर जलाई गई महिला सोनी (30) ने भी बुधवार तड़के SMS हॉस्पिटल में दम तोड़ दिया। इससे पहले, गंभीर रूप से झुलसे प्रेमी कैलाश गुर्जर (25) की भी सोमवार देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई थी। दोनों को 28 नवंबर की रात करीब 2 बजे दूदू क्षेत्र के मौखमपुरा स्थित बाड़ोलाव गांव में कथित तौर पर लड़की के चाचा ससुर और जेठ ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी।
घटना उस समय हुई जब कैलाश और सोनी खेत के मचान पर साथ बैठे थे। इसी दौरान सोनी के चाचा ससुर बिरदी चंद और जेठ गणेश गुर्जर वहां पहुंचे और दोनों को देखकर गुस्से में आपा खो बैठे। आरोप है कि दोनों ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे कैलाश 70% और सोनी 90% तक झुलस गईं। दोनों को गंभीर हालत में एसएमएस अस्पताल के बर्न ICU में भर्ती कराया गया था।
मौखमपुरा थाना प्रभारी सुरेश कुमार गुर्जर ने बताया कि उपचार के दौरान पहले कैलाश और फिर सोनी की मौत हो गई। दोनों की मौत के बाद मामले की धाराएं बढ़ाकर हत्या (302) कर दी गई हैं। दूदू एएसपी शिवलाल बैरवा और डीएसपी दीपक खंडेलवाल द्वारा गठित विशेष टीम ने घटना के 12 घंटे के भीतर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।
परिजनों का आरोप है कि इस वारदात में अभी भी कई और लोग शामिल थे, जिनकी गिरफ्तारी होना बाकी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।