Saturday, 29 August 2026

जयपुर में अवैध गैस रिफिलिंग पर बड़ी कार्रवाई: 740 वाणिज्यिक सिलेंडर जब्त, 3 गिरफ्तार — दो गैस एजेंसियां जांच के दायरे में


जयपुर में अवैध गैस रिफिलिंग पर बड़ी कार्रवाई: 740 वाणिज्यिक सिलेंडर जब्त, 3 गिरफ्तार — दो गैस एजेंसियां जांच के दायरे में

जयपुर जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के निर्देश पर जिला रसद कार्यालय जयपुर प्रथम ने “ऑपरेशन प्रवर्तन” के तहत अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को शहर के रिहायशी इलाकों में दबिश देकर 740 वाणिज्यिक गैस सिलेंडर जब्त किए गए। कार्रवाई अवैध रिफिलिंग और अनाधिकृत भंडारण की शिकायतों के आधार पर की गई।

कई इलाकों में की गई छापेमारी
जिला रसद अधिकारी प्रियव्रत सिंह चारण के नेतृत्व में विशेष दल ने सुखदेवपुरा नाटाणीवाला, 12 मील, श्रीराम की नांगल और सांगानेर क्षेत्रों में कार्रवाई की। टीम ने पाया कि सघन आबादी वाले क्षेत्रों में बड़ी मात्रा में सिलेंडर खुले रूप में भंडारित थे। कई सिलेंडर वाहनों में भी लदे हुए मिले।

अवैध उपकरण भी जब्त
कार्रवाई के दौरान अवैध रिफिलिंग में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए, जिनमें शामिल हैं—

  • 02 इलेक्ट्रॉनिक कांटे

  • 05 गैस भट्टियां

  • 05 बड़े भगौने

  • ट्रांसफर नलिकाएं, रेगुलेटर, भारी मात्रा में सील और कैप
    ये सभी सामग्री पशु चारे के ढेर के बीच छिपा रखी गई थी। एक नकारा वाहन और बिना नाम का पिकअप वाहन भी पकड़ा गया।

3 आरोपी गिरफ्तार, दो गैस एजेंसियों पर जांच
मौके से तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि सिलेंडर अनिका गैस एजेंसी मुहाना और ब्रिलियंट गैस एजेंसी बगरू से संबंधित हैं।
परिसर से अवैध रसीद बुक भी मिली है। दोनों एजेंसियों की भूमिका की जांच के लिए दो अलग-अलग दल बनाए गए हैं, जिन्हें 48 घंटे में रिपोर्ट सौंपनी होगी।

कड़ी कानूनी कार्रवाई
दोषियों पर द्रवित पेट्रोलियम गैस (रेग्युलेशन ऑफ सप्लाई एंड डिस्ट्रीब्यूशन) आदेश 2000 और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। एक आरोपी का मोबाइल भी जांच के लिए जप्त किया गया है।

जिला प्रशासन ने कहा है कि ऐसे अवैध रिफिलिंग केंद्र गंभीर हादसों को जन्म दे सकते हैं, इसलिए शहर में लगातार सख्त कार्रवाई जारी रखी जाएगी।

    Previous
    Next

    Related Posts