



देशभर में जहां SIR को लेकर राजनीतिक हलचल और संसद में तीखी बहस जारी है, वहीं राजस्थान के जयपुर जिले के चौमूं विधानसभा क्षेत्र में SIR कार्य का 100% लक्ष्य पूरा होने पर जश्न का माहौल है। उपखंड अधिकारी एसडीएम दिलीप सिंह राठौड़ ने SIR टीम की मेहनत को सराहते हुए बीएलओ और सुपरवाइजर्स को पार्टी दी, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में चौमूं SDM दिलीप सिंह राठौड़ टीम के साथ डीजे की धुन पर थिरकते नजर आ रहे हैं। उनके साथ बीएलओ और सुपरवाइजर्स भी उत्साह में दिखाई दे रहे हैं।
SIR जैसे चुनौतीपूर्ण कार्य को रिकॉर्ड समय में पूरा करने की खुशी पूरे प्रशासनिक स्टाफ के चेहरे पर साफ झलक रही है।
वीडियो बनने के बाद लोगों ने इसे सोशल मीडिया पर शेयर किया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।
राजस्थान में चौमूं उपखंड ने SIR का 100% कार्य पूरा करने वाला पहला क्षेत्र बनकर नया रिकॉर्ड बनाया है।
जब देशभर में डिजिटाइजेशन की अंतिम तिथि 11 दिसंबर तक बढ़ाई गई है, उसी बीच चौमूं ने ये उपलब्धि तय समय से पहले हासिल की।
एसडीएम राठौड़ ने कहा—
“यह सफलता टीमवर्क और बीएलओ–सुपरवाइजर्स की कड़ी मेहनत का नतीजा है। चौमूं ने साबित कर दिया कि प्रतिबद्धता हो तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं।”
जहां कई लोग चौमूं की उपलब्धि पर बधाई दे रहे हैं, वहीं कुछ लोग SDM के जश्न मनाने वाले वीडियो पर सवाल भी उठा रहे हैं। हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों ने इसे मात्र टीम मोटिवेशन और उपलब्धि का जश्न बताया है।