Saturday, 14 March 2026

श्रीगंगानगर में सीआईडी इंटेलिजेंस ने पाक ISI एजेंट प्रकाश उर्फ बादल को किया गिरफ्तार, सेना की गोपनीय जानकारियां भेजने का आरोप


श्रीगंगानगर में सीआईडी इंटेलिजेंस ने पाक ISI एजेंट प्रकाश उर्फ बादल को किया गिरफ्तार, सेना की गोपनीय जानकारियां भेजने का आरोप

राजस्थान सीआईडी इंटेलिजेंस ने श्रीगंगानगर में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI की जासूसी गतिविधियों पर बड़ा प्रहार करते हुए एक भारतीय जासूस को गिरफ्तार किया है। जयपुर इकाई की लगातार निगरानी में सामने आया कि फिरोज़पुर (पंजाब) निवासी प्रकाश सिंह उर्फ बादल सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी एजेंटों के संपर्क में था और राजस्थान, पंजाब व गुजरात क्षेत्रों से भारतीय सेना की सामरिक गोपनीय सूचनाएं इकट्ठी कर पाकिस्तान भेज रहा था।

महानिरीक्षक पुलिस इंटेलिजेंस प्रफुल्ल कुमार ने बताया कि 27 नवंबर को सूचना मिली थी कि संदिग्ध बादल को श्रीगंगानगर के साधूवाली सैन्य प्रतिष्ठान के आसपास देखा गया है। बॉर्डर इंटेलिजेंस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया। प्रारंभिक जांच में उसके मोबाइल से पाकिस्तानी और विदेशी व्हाट्सएप नंबरों से लगातार संपर्क होने की पुष्टि हुई।

पूछताछ के दौरान सामने आया कि प्रकाश उर्फ बादल ऑपरेशन सिंदूर के समय से ही ISI के नियमित संपर्क में था। वह सेना के वाहनों की आवाजाही, सैन्य संस्थानों, सीमावर्ती इलाकों की भौगोलिक स्थिति, पुल, सड़कें, रेलवे लाइनें और नए निर्माण कार्यों जैसी संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान भेजता था। उसके द्वारा साझा की गई यह जानकारियां राष्ट्र की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा थीं।

जासूसी के अलावा बादल एक अन्य राष्ट्रविरोधी गतिविधि में भी शामिल पाया गया। वह पाकिस्तान की मांग पर भारतीय नागरिकों के नाम से जारी मोबाइल नंबरों के ओटीपी उपलब्ध करवाता था, जिससे पाकिस्तानी एजेंट भारतीय नंबरों से व्हाट्सएप चलाकर जासूसी और अवैध गतिविधियां संचालित कर सकें। इसके बदले उसे फंडिंग भी मिलती थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए संदिग्ध को जयपुर स्थित केंद्रीय पूछताछ केंद्र लाया गया, जहां विभिन्न आसूचना एजेंसियों की संयुक्त जांच में सभी तथ्य प्रमाणित हुए। मोबाइल डेटा की तकनीकी जांच ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि वह लगातार ISI के संपर्क में था। अंततः प्रकाश सिंह उर्फ बादल (34) पुत्र कादर सिंह के खिलाफ शासकीय गुप्त बात अधिनियम, 1923 के तहत जयपुर स्थित स्पेशल पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। सीआईडी की इस कार्रवाई को सीमावर्ती और सैन्य संवेदनशील क्षेत्रों में पाकिस्तानी जासूसी नेटवर्क पर बड़ी चोट माना जा रहा है।

Previous
Next

Related Posts