



राजस्थान में भारतीय चुनाव आयोग द्वारा चलाई जा रही विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को निशाना बनाकर साइबर अपराधियों ने ठगी का नया तरीका अपना लिया है। डीजीपी साइबर क्राइम संजय अग्रवाल ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि साइबर ठग सोशल मीडिया, एसएमएस और व्हाट्सएप पर फर्जी संदेश भेजकर जनता को डराने और भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं। इन संदेशों में लिखा होता है कि यदि नागरिक तुरंत SIR फॉर्म नहीं भरते, तो उनका वोटर कार्ड रद्द हो जाएगा या उनके नाम को वोटर लिस्ट से काट दिया जाएगा।
डीजीपी अग्रवाल के अनुसार ठग इन संदेशों के साथ एक फर्जी लिंक भेजते हैं। जैसे ही कोई व्यक्ति उस लिंक पर क्लिक करता है, ठग उससे प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर वन टाइम पासवर्ड (OTP) मांगते हैं या फिर प्रोसेसिंग फीस के रूप में पैसा ट्रांसफर करने को कहते हैं। यह पूरी प्रक्रिया एक संगठित साइबर धोखाधड़ी है, जिसका उद्देश्य लोगों की गोपनीय जानकारी और धन हड़पना है।
बीएलओ से सीधे संपर्क करें
किसी भी कॉल, मैसेज या लिंक पर भरोसा न करें। अपना फॉर्म केवल अधिकृत बीएलओ से मिलकर ही भरें और जमा करें।
केवल आधिकारिक वेबसाइट का उपयोग करें
SIR प्रक्रिया पूरी तरह नि:शुल्क है। वोटर कार्ड अपडेट के लिए केवल ".gov.in" या "eci.gov.in" डोमेन वाली आधिकारिक वेबसाइट का ही इस्तेमाल करें।
OTP और व्यक्तिगत जानकारी कभी साझा न करें
निर्वाचन विभाग या अधिकारी कभी भी OTP, आधार, बैंक डिटेल या पैन नंबर नहीं मांगते। इसे किसी के साथ साझा करना खतरनाक हो सकता है।
वेबसाइट की सुरक्षा जांचें
किसी भी वेबसाइट पर जानकारी भरने से पहले देखें कि URL HTTPS से शुरू हो और एड्रेस बार में ताले (Lock) का निशान हो।
साइबर कैफे में अतिरिक्त सावधानी रखें
काम पूरा होने के बाद हमेशा ब्राउज़र हिस्ट्री और कैश डिलीट करें। लॉगआउट करें और 'ऑटो-सेव पासवर्ड' का विकल्प कभी न अपनाएँ।
इस लिंक के माध्यम से Electoral Roll 2002/2003 में अपना नाम देखें: 👉https://voters.eci.gov.in/searchInSIR/S2UA4DPDF-JK4QWODSE
(यह आधिकारिक और सुरक्षित लिंक है)
यदि आपके साथ ऐसी कोई संदिग्ध गतिविधि होती है, तो तुरंत संपर्क करें—
साइबर हेल्पलाइन: 1930
साइबर क्राइम पोर्टल:https://cybercrime.gov.in
साइबर हेल्प डेस्क: 9256001930 / 9257510100
निकटतम पुलिस स्टेशन या साइबर पुलिस स्टेशन
साइबर विशेषज्ञों के अनुसार जनता का सतर्क रहना ही ऐसी ठगी से बचने का सबसे प्रभावी उपाय है।