Saturday, 29 August 2026

शीतकालीन सत्र के पहले दिन हंगामा: कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी कुत्ता लेकर संसद पहुंचीं, भाजपा ने की कार्रवाई की मांग


शीतकालीन सत्र के पहले दिन हंगामा: कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी कुत्ता लेकर संसद पहुंचीं, भाजपा ने की कार्रवाई की मांग

संसद के शीतकालीन सत्र की शुरुआत सोमवार को एक अनोखे और विवादित दृश्य से हुई, जब कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी एक पालतू कुत्ते के साथ संसद भवन के परिसर में पहुंच गईं। उनके इस कदम ने सियासी हलकों में हलचल मचा दी और भाजपा सांसदों ने इसे संसद की गरिमा के विरुद्ध बताया।

जब मीडिया ने उनसे इस कदम के बारे में पूछा तो रेणुका चौधरी ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार को जानवर पसंद नहीं हैं। इसमें क्या हर्ज है? यह छोटा और बिल्कुल नुकसान न पहुँचाने वाला जानवर है। काटने वाले और डसने वाले संसद में हैं, कुत्ते नहीं।

उनकी यह टिप्पणी सीधे तौर पर सरकार पर तंज के रूप में देखी जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने किसी नियम का उल्लंघन नहीं किया है और यह उनका प्रतिरोध दर्ज कराने का प्रतीकात्मक तरीका है।

इस घटना ने भाजपा सांसदों को आक्रोशित कर दिया। भाजपा के वरिष्ठ सांसद जगदंबिका पाल ने इस कदम की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि रेणुका चौधरी कुत्ता लेकर संसद आईं, यह गलत है। यह संसद की मर्यादा के खिलाफ है। उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। विशेषाधिकार का मतलब दुरुपयोग नहीं होता।”

भाजपा सांसदों का कहना है कि संसद परिसर में ऐसे जानवर लाना नियमों के खिलाफ है और इससे सुरक्षा मानकों का भी उल्लंघन होता है। वहीं, कांग्रेस सांसदों ने रेणुका चौधरी का बचाव करते हुए कहा कि यह एक "प्रतीकात्मक विरोध" है और इसे बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है।

घटना के बाद संसद की सुरक्षा एजेंसियां और प्रशासनिक अधिकारी नियमों की समीक्षा में जुट गए हैं कि क्या यह स्पष्ट रूप से नियमों का उल्लंघन है या इसकी अनुमति किसी विशेष परिस्थिति में दी जा सकती है। फिलहाल विवाद ने सत्र के पहले ही दिन राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है।

    Previous
    Next

    Related Posts