Saturday, 29 August 2026

किशनगढ़ में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कार्यकर्ताओं संग सुना ‘मन की बात’, पीएम मोदी के #VocalForLocal संदेश को बताया आत्मनिर्भर भारत की प्रेरणा


किशनगढ़ में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कार्यकर्ताओं संग सुना ‘मन की बात’, पीएम मोदी के #VocalForLocal संदेश को बताया आत्मनिर्भर भारत की प्रेरणा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के नवीनतम एपिसोड को रविवार को राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने किशनगढ़ में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर सुना। इस अवसर पर कार्यक्रम स्थल पर उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला, जहां बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, महिला मोर्चा सदस्य और युवा समर्थक मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में #VocalForLocal अभियान को नई ऊर्जा देते हुए उदयपुर की प्रसिद्ध चांदी के अश्व की प्रतिकृति का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने राजस्थान की पारंपरिक चांदी नक्काशी कला की सराहना करते हुए कहा कि यह देश की सूक्ष्म शिल्पकला, तपस्वी श्रम और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। प्रधानमंत्री ने स्थानीय कारीगरों और परंपरागत कलाओं को प्रोत्साहन देने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

कार्यक्रम के बाद उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि ‘मन की बात’ समाज को दिशा देने वाला एक प्रेरक संवाद है, जिसके माध्यम से प्रधानमंत्री देशहित, संस्कृति, और आत्मनिर्भरता से जुड़े मुद्दों पर जनता से संवाद करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का संदेश केवल सुनने के लिए नहीं, बल्कि जन-जन तक पहुंचाने और जीवन में अपनाने के लिए है।

दिया कुमारी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे स्थानीय कारीगरों, हस्तशिल्पियों और परंपरागत व्यवसायों को प्रोत्साहित करें ताकि ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को जन आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाया जा सके। उन्होंने कहा कि यह प्रयास आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक सशक्त कदम है और राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को नई पहचान देगा।

    Previous
    Next

    Related Posts