



जयपुर। सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज (SMS Medical College), जयपुर में रैगिंग के गंभीर आरोप सामने आने के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कॉलेज प्रशासन ने 17 छात्रों को अगले आदेश तक सस्पेंड कर दिया है। यह कार्रवाई एक फर्स्ट ईयर छात्र द्वारा नेशनल मेडिकल कमिशन (NMC) पोर्टल पर की गई आधिकारिक शिकायत के आधार पर की गई।
शिकायत में छात्र ने बताया कि सेकेंड ईयर के कुछ छात्र, जो आनंदपुरी कॉलोनी में किराए के मकान में रहते हैं, उसे और उसके साथियों को लगातार परेशान करते हैं। वह बार-बार नाम पूछकर तंग करते, “मुर्गा बनाने” जैसी शारीरिक अपमानजनक हरकतें करवाते और गाना गाने के लिए दबाव डालते थे। छात्र मानसिक रूप से इतना परेशान हुआ कि उसने NMC पोर्टल पर औपचारिक शिकायत दर्ज करवाई।
शिकायत मिलते ही SMS कॉलेज की एंटी-रैगिंग कमेटी सक्रिय हुई और प्रथम दृष्टया जांच में आरोप सही पाए जाने पर 17 छात्रों को तत्काल प्रभाव से क्लास व कॉलेज गतिविधियों में शामिल होने से रोक दिया गया।
एंटी रैगिंग कमेटी की चेयरपर्सन एवं अतिरिक्त प्रिंसिपल डॉ. मोनिका जैन ने कहा कि जिन छात्रों को सस्पेंड किया गया है, उनके परिजनों को इसकी सूचना भेज दी गई है। साथ ही, कॉलेज हॉस्टल वार्डन को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी प्रकार की रैगिंग की घटना न हो, इसके लिए विशेष निगरानी रखी जाए। यह मामला मेडिकल कॉलेजों में रैगिंग के खिलाफ सख्त कानून और NMC प्रोटोकॉल के महत्व को एक बार फिर उजागर करता है। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने तक सस्पेंशन जारी रहेगा और दोषी पाए जाने वाले छात्रों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।