Saturday, 28 February 2026

मुख्य सचिव वी. श्रीनिवासन ने किया बीकानेर हाउस का दौरा, राजकीय कार्यालयों का निरीक्षण और अधिकारियों के साथ बैठक


मुख्य सचिव वी. श्रीनिवासन ने किया बीकानेर हाउस का दौरा, राजकीय कार्यालयों का निरीक्षण और अधिकारियों के साथ बैठक

नई दिल्ली। राजस्थान के मुख्य सचिव और मुख्य आवासीय आयुक्त वी. श्रीनिवासन ने शनिवार को नई दिल्ली स्थित बीकानेर हाउस का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने यहां स्थित राजस्थान सरकार के विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया और उनकी कार्यप्रणाली, व्यवस्थाओं तथा आवश्यकताओं की विस्तृत समीक्षा की। मुख्य सचिव का यह दौरा दिल्ली स्थित राजकीय परिसरों में प्रशासनिक दक्षता और सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव वी. श्रीनिवासन ने राजस्थान कैडर के दिल्ली में प्रतिनिधि पर मौजूद भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक भी की। बैठक में रोली सिंह, राजीव सिंह ठाकुर, मुग्धा सिन्हा, आशुतोष ए.टी. पेडनेकर, भानू प्रकाश येतुरू, डॉ. प्रीतम बी. यशवंत, मुक्तानंद अग्रवाल, गौरव गोयल, अभिमन्यु कुमार और अंशदीप सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। सभी अधिकारियों ने दिल्ली स्थित विभागीय कार्यों और राज्य के प्रशासनिक मुद्दों पर मुख्य सचिव वी. श्रीनिवासन को अवगत कराया।

मुख्य सचिव वी. श्रीनिवासन ने सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) और राजस्थान राज्य सड़क विकास निगम (RRVUN) के अधिकारियों के साथ राजस्थान हाउस के निर्माण कार्य और उदयपुर हाउस से संबंधित परियोजनाओं की समीक्षा भी की। उन्होंने निर्माण प्रगति, संरचना की गुणवत्ता और आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत रिपोर्ट ली।

निरीक्षण के दौरान श्रीनिवासन ने सभी कार्यालयों में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से उनकी कार्यप्रकृति, चुनौतियों और कार्य वातावरण के बारे में जानकारी ली। उन्होंने प्रशासनिक सेवाओं को और अधिक सुचारू व पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उनके साथ अतिरिक्त आवासीय आयुक्त अंजु ओम प्रकाश, संयुक्त आवासीय आयुक्त रिंकु मीना, तथा राज्य सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।

    Previous
    Next

    Related Posts