Thursday, 16 April 2026

अब अंता विधानसभा में भी शुरू होगी SIR प्रक्रिया: चुनाव आयोग ने जारी किया कार्यक्रम, 2 दिसंबर से 12 मार्च तक चलेगा पूरा शेड्यूल


अब अंता विधानसभा में भी शुरू होगी SIR प्रक्रिया: चुनाव आयोग ने जारी किया कार्यक्रम, 2 दिसंबर से 12 मार्च तक चलेगा पूरा शेड्यूल

बारां जिले की अंता विधानसभा सीट पर चुनाव आयोग ने अब विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम की औपचारिक घोषणा कर दी है। इससे पहले प्रदेश की 199 विधानसभा सीटों पर SIR की प्रक्रिया पहले से ही चल रही थी, लेकिन अंता सीट पर उपचुनाव होने के कारण इसे सूची से बाहर रखा गया था। अब चुनाव आयोग ने स्पष्ट कर दिया है कि अंता में यह प्रक्रिया 2 दिसंबर 2025 से शुरू होकर 12 मार्च 2026 तक चलेगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने बताया कि SIR प्रक्रिया के तहत 8 दिसंबर से 6 जनवरी 2026 तक घर-घर जाकर गणना फार्म (फॉर्म-6 आदि) बांटे जाएंगे। इसके बाद 12 जनवरी 2026 को अंता विधानसभा क्षेत्र की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट प्रकाशित की जाएगी। ड्राफ्ट सूची जारी होने के बाद 12 जनवरी से 11 फरवरी 2026 तक नए नाम जुड़वाने, गलतियों को सुधारने और नाम हटाने के लिए दावे और आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। अंत में 12 मार्च 2026 को अंता की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि राज्य की बाकी 199 सीटों पर SIR पहले से चल रहा है, जहां 4 दिसंबर तक BLO घर-घर जाकर गणना फार्म भरवा रहे हैं और इन क्षेत्रों में 9 दिसंबर को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट प्रकाशित की जाएगी।

अंता सीट पर 11 नवंबर 2025 को उपचुनाव हुआ था, जिसमें कांग्रेस उम्मीदवार प्रमोद जैन भाया ने जीत दर्ज की थी। अंता में करीब 2.28 लाख मतदाता हैं। उपचुनाव में वोटर लिस्ट अपडेट होने के चलते SIR प्रक्रिया यहां देर से शुरू की जा रही है। अब निर्वाचन विभाग के अनुसार अंता भी बाकी विधानसभा क्षेत्रों की तरह नियमित SIR प्रक्रिया में शामिल हो गया है।

Previous
Next

Related Posts