



जयपुर। राजस्थान में प्रशासनिक फेरबदल का दौर जारी है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर गृह (ग्रुप-1) विभाग ने शनिवार, 29 नवंबर को राजस्थान पुलिस सेवा (RPS) के 64 अधिकारियों के व्यापक पैमाने पर तबादले कर दिए। आदेश देर शाम जारी किए गए, जिनमें राज्यभर के विविध जिलों, रेंजों और विशेष इकाइयों में अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
तबादला सूची के अनुसार जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, करौली, अलवर, अजमेर, झालावाड़, डूंगरपुर सहित कई जिलों में महत्वपूर्ण स्तर पर बदलाव किए गए हैं। कई अधिकारियों को महिला अपराध अनुसंधान सैल, लीव रिजर्व, अपराध एवं सतर्कता, डिस्कॉम सुरक्षा, प्रोटोकॉल शाखा और विशेष जांच इकाइयों में तैनात किया गया है।
सरकार का कहना है कि यह बदलाव कानून-व्यवस्था को मजबूत, फील्ड डिप्लॉयमेंट में सुधार और पुलिस प्रशासन को अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। सभी अधिकारियों को अपने नए पदस्थापन पर तुरंत कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
सूत्रों का मानना है कि हाल के दिनों में कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक दक्षता को लेकर मुख्यमंत्री द्वारा की जा रही लगातार समीक्षा के बाद यह बड़ा फेरबदल हुआ है। आने वाले समय में जिला पुलिस अधीक्षकों (IPS स्तर) के स्तर पर भी परिवर्तन संभव बताए जा रहे हैं।



