Saturday, 29 August 2026

जयपुर में एसटीएन कॉन्क्लेव 2025: उद्यमिता, नेतृत्व और नवाचार पर स्टैनफोर्ड सीड नेटवर्क के लीडर्स की बड़ी चर्चा


जयपुर में एसटीएन कॉन्क्लेव 2025: उद्यमिता, नेतृत्व और नवाचार पर स्टैनफोर्ड सीड नेटवर्क के लीडर्स की बड़ी चर्चा

जयपुर में एसटीएन कॉन्क्लेव 2025 का आगाज़ 27 नवंबर को हुआ, जहां उद्यमिता, नेतृत्व, नवाचार और व्यवसायिक परिवर्तन जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। दो दिवसीय इस कार्यक्रम की शुरुआत स्टैनफोर्ड सीड साउथ एशिया के रीजनल डायरेक्टर हरीश अर्जेनाथ ने स्वागत भाषण के साथ की। उन्होंने कहा कि छोटे और मध्यम उद्योग किसी भी मजबूत अर्थव्यवस्था की नींव होते हैं और सीड ट्रांसफॉर्मेशन नेटवर्क (STN) तेजी से एक शक्तिशाली सहयोगी मंच बन रहा है, जहां क्षेत्रीय व्यवसायिक नेता एकजुट होकर ज्ञान और संसाधन साझा करते हैं।

उद्घाटन सत्र में ऑप्टिमाइज़जियो और वेरीक्स की सीईओ कीर्तीगा रेड्डी ने अपनी उद्यमिता यात्रा साझा की। उनके संबोधन के दौरान सीड ट्रांसफॉर्मेशन कार्यक्रम पूरा करने वाले नए व्यवसायिक नेताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर नेटवर्क में औपचारिक रूप से जोड़ा गया।

दूसरे दिन कार्यक्रम में नेतृत्व और व्यवसायिक रणनीतियों पर महत्वपूर्ण सत्र आयोजित हुए। एसटीएन दक्षिण एशिया के अध्यक्ष नासिर अली ने जोर देकर कहा कि आधुनिक व्यवसायों को सहयोगी नेतृत्व और नई सोच की आवश्यकता है, जो तेजी से बदलते बाजार में टिकाऊ विकास की कुंजी है।

एयर डेक्कन के संस्थापक कैप्टन जीआर गोपीनाथ ने प्रेरणादायक भाषण देते हुए कहा कि उद्यमी हमेशा नई संभावनाएँ खोजते रहें और चुनौतियों से लड़ने की हिम्मत बनाए रखें। उन्होंने कहा कि बहुत जल्दी ‘ना’ मत कहें। असली असफलता हार मान लेना है। असली मदद वही है जिससे रोजगार पैदा हों और समाज आगे बढ़े।

अगले सत्र में कहानी कहने की कला के विशेषज्ञ रविशंकर अय्यर ने बताया कि आज के दौर में बिज़नेस स्टोरीटेलिंग क्यों बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रतिभागियों को एक इंटरैक्टिव गतिविधि के ज़रिए इसकी तकनीक समझाई।

इंश्योरेंस सेक्टर में पहचान बना चुके आइडियल इंश्योरेंस के संस्थापक राहुल अग्रवाल ने कहा कि तेज़ी से बढ़ती कंपनियों को उन अदृश्य जोखिमों को समझना चाहिए जो उनके ऑपरेशंस और वित्तीय सुरक्षा को प्रभावित कर सकते हैं।

इस दौरान एसटीएन अवॉर्ड 2025 भी प्रदान किए गए। ‘सीड ट्रांसफॉर्मेशन उत्कृष्टता सम्मान’ वर्चुओसो ऑप्टोइलेक्ट्रॉनिक्स के सुकृत भारती और ज़िफो आर एंड डी प्राइवेट लिमिटेड के सह-संस्थापक राज प्रकाश व वंचिनाथन को मिला। ‘सीड उत्कृष्टता सम्मान’ साइग्नस मेडिकेयर के डॉ. शुचिन बजाज और साइंस फॉर सोसाइटी टेक्नो सर्विसेज की निधि पंत को प्रदान किया गया।

दिन के अंत में नेटवर्किंग सत्र आयोजित हुआ, जहां उद्यमियों ने आपस में विचार-विमर्श कर भविष्य के नए अवसरों पर चर्चा की। कार्यक्रम का समापन सीड एक्स समानांतर सत्रों के साथ हुआ, जिनमें प्रतिभागियों ने विभिन्न विषयों पर एक-दूसरे के अनुभवों और सीख को साझा किया।

Previous
Next

Related Posts