



मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश में सड़क तंत्र को मजबूत, सुरक्षित और आधुनिक बनाने के लिए डबल इंजन की सरकार बड़े पैमाने पर कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जयपुर रिंग रोड के उत्तरी हिस्से के निर्माण कार्य को शीघ्र गति दी जाए और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया प्राथमिकता से पूरी की जाए।
मुख्यमंत्री गुरुवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे के भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तुरंत शुरू की जाए, ताकि परियोजना समय पर पूर्ण हो सके।
उन्होंने जयपुर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर जोर देते हुए कहा कि जिला कलेक्टर जयपुर, जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA), NHAI और सार्वजनिक निर्माण विभाग मिलकर जयपुर से जुड़े प्रमुख मार्गों पर लॉजिस्टिक पार्क, गोदाम और वेयरहाउस विकसित करने के लिए एक विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
मुख्यमंत्री ने 200 फीट चौराहे पर NHAI द्वारा किए जाने वाले विकास कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में अधिकारियों ने जयपुर-ब्यावर-पचपदरा, जयपुर-किशनगढ़, चित्तौड़गढ़ बायपास और अलवर-भरतपुर-आगरा सड़क निर्माण परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी।
बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, मुख्यमंत्री कार्यालय, सार्वजनिक निर्माण विभाग और NHAI के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।