Saturday, 29 August 2026

जयपुर: दो दिन बाद खत्म हुई लो-फ्लोर बस चालकों की हड़ताल, 6 सूत्री समझौते के बाद दोपहर से शुरू हुआ संचालन


जयपुर: दो दिन बाद खत्म हुई लो-फ्लोर बस चालकों की हड़ताल, 6 सूत्री समझौते के बाद दोपहर से शुरू हुआ संचालन

जयपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (JCTSL) के बगराना डिपो में लो-फ्लोर बस चालकों की हड़ताल बुधवार दोपहर समाप्त हो गई। निगम प्रशासन और निजी ऑपरेटिंग कंपनी के साथ हुई वार्ता में 6 सूत्री समझौता होने के बाद चालकों ने काम पर वापसी की। इसके साथ ही दोपहर बाद से शहर में बस संचालन बहाल हो गया।

सुबह के समय करीब 100 मिडी बसें सड़क पर नहीं उतरीं, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। स्कूल, कॉलेज और ऑफिस जाने वाले लोगों को कैब, ऑटो या निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ा।

दो दिन चली वार्ता, बुधवार को बनी सहमति
बगराना डिपो में JCTSL की बसों का संचालन निजी फर्म के माध्यम से किया जाता है। कंपनी और निगम के अधिकारियों की दो दिन तक चली वार्ता के बाद बुधवार सुबह समझौता हो गया। इसके बाद चालकों ने हड़ताल खत्म कर दी और दोपहर से मिडी बसों का संचालन फिर शुरू हो गया।

इन मांगों पर बनी सहमति:

  • दुर्घटना में निधन हुए चालक कुलदीप मीणा के परिवार को ₹1 लाख की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

  • ड्यूटी के दौरान लकवाग्रस्त हुए चालक रामजीलाल शर्मा के इलाज में निगम और कंपनी दोनों सहयोग करेंगे।

  • दोनों चालकों के वेतन, ओवरटाइम, पीएफ, ईएसआई क्लेम और पेंशन का तुरंत भुगतान किया जाएगा।

  • चालकों के वेतन में ₹1,000 की वृद्धि अगले महीने से लागू की जाएगी।

  • किसी चालक को दोष देने से पहले यूनियन प्रतिनिधियों की मौजूदगी में जांच की जाएगी।

  • सामूहिक दुर्घटना बीमा योजना 1 दिसंबर 2025 से शुरू की जाएगी।

यात्रियों ने ली राहत की सांस
हड़ताल खत्म होने के बाद दोपहर में जैसे ही बसें सड़कों पर लौटीं, यात्रियों ने राहत की सांस ली। शहर के कई रूटों पर ट्रैफिक दबाव कम हुआ और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था सामान्य हो गई।

    Previous
    Next

    Related Posts