



जयपुर। भारतीय जनता पार्टी, राजस्थान ने शुक्रवार को अपनी नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। पार्टी अध्यक्ष मदन राठौड़ ने सूची जारी करते हुए बताया कि कार्यकारिणी में कुल 34 पदाधिकारियों को शामिल किया गया है। यह सूची काफी समय से लंबित थी, जिसे अब राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशानुसार अंतिम रूप दिया गया है।
कार्यकारिणी में 9 उपाध्यक्ष, 4 महामंत्री, 7 मंत्री, 1 कोषाध्यक्ष, 1 सह-कोषाध्यक्ष, 1 प्रकोष्ठ प्रभारी, और 7 प्रवक्ता शामिल किए गए हैं। इसके अतिरिक्त पार्टी ने संगठन में आईटी, सोशल मीडिया और मीडिया प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पदों की भी नियुक्ति की है।
सूची में संगठनात्मक संतुलन बनाए रखने की कोशिश की गई है, जिसमें प्रदेश के लगभग सभी प्रमुख जिलों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। पार्टी के मुताबिक, नई टीम संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आने वाले चुनावों की तैयारियों को गति देने में अहम भूमिका निभाएगी।
सूची में राजेन्द्र सिंह चौधरी (अजमेर), नारायण सिंह देवल (जालोर), हरिकिशन बियाणी (हनुमानगढ़), जितेन्द्र गोठवाल (जयपुर), पवन जैन (जयपुर) सहित कई वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
