Saturday, 29 August 2026

मुख्य सचिव ने विभागों के बजट व्यय और योजनाओं की समीक्षा की, कहा—हर जरूरतमंद तक समय पर पहुंचे योजनाओं का लाभ


मुख्य सचिव ने विभागों के बजट व्यय और योजनाओं की समीक्षा की, कहा—हर जरूरतमंद तक समय पर पहुंचे योजनाओं का लाभ

जयपुर, 26 नवंबर। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा कि राज्य सरकार गरीबों, महिलाओं, युवाओं और किसानों के सशक्तीकरण और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने विभागों से जुड़ी योजनाओं का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें ताकि हर जरूरतमंद व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शिता के साथ पहुंचे।

मुख्य सचिव सोमवार को शासन सचिवालय में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे, जिसमें सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, महिला एवं बाल विकास, बाल अधिकारिता, आर्थिक एवं सांख्यिकी, श्रम, अल्पसंख्यक मामलात और जनजातीय क्षेत्रीय विकास विभागों की योजनाओं, बजट घोषणाओं की प्रगति और वित्तीय व्यय की समीक्षा की गई।

उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं की क्रियान्विति में तेजी लाने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि जीवित प्रमाण पत्र समय पर प्राप्त नहीं होने के कारण किसी पात्र व्यक्ति की पेंशन बाधित नहीं होनी चाहिए। श्रीनिवास ने यह भी कहा कि ऑटिज्म और न्यूरो-मस्क्यूलर डिसऑर्डर जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित बच्चों की सहायता के लिए पब्लिक हेल्थ लेक्चर आयोजित किए जाएं।

मुख्य सचिव ने पोषण ट्रैकर एप की प्रगति की समीक्षा की और कुपोषित बच्चों की देखभाल के लिए ‘बडी मदर्स’ कार्यक्रम का अध्ययन करने के निर्देश दिए। उन्होंने ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजना को एक सशक्त अभियान के रूप में चलाने पर जोर दिया और सहरिया जनजाति परिवारों को राशन किट की समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मातृ वंदना और जननी सुरक्षा योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा हुई। इस दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की अतिरिक्त शासन सचिव श्रीमती अपर्णा अरोड़ा ने विभाग द्वारा संचालित देवनारायण स्कूटी योजना, मुख्यमंत्री दिव्यांग स्कूटी योजना, पालनहार योजना, पेंशन और छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) प्रणाली के माध्यम से पेंशन और सब्सिडी की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा की जा रही है।

बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव (कौशल एवं उद्यमिता, रोजगार) संदीप वर्मा, अतिरिक्त मुख्य सचिव (जनजाति क्षेत्रीय विकास) कुंजी लाल मीणा, प्रमुख शासन सचिव (महिला एवं बाल विकास) भवानी सिंह देथा, शासन सचिव (सांख्यिकी विभाग) डॉ. रवि कुमार सुरपुर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

    Previous
    Next

    Related Posts