Saturday, 29 August 2026

विज्ञान भवन में विश्व सिंधी हिंदू फाउंडेशन का अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन: वासुदेव देवनानी ने कहा—सिंधी समाज 2047 के विकसित भारत के संकल्प में दे अपना योगदान


विज्ञान भवन में विश्व सिंधी हिंदू फाउंडेशन का अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन:  वासुदेव देवनानी ने कहा—सिंधी समाज 2047 के विकसित भारत के संकल्प में दे अपना योगदान

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में रविवार को विश्व सिंधी हिंदू फाउंडेशन ऑफ एसोसिएशन द्वारा “सशक्त समाज, समृद्ध भारत” विषय पर भव्य अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला रहे, जबकि दूसरे सत्र में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विशेष अतिथि के रूप में संबोधन दिया। इस वैश्विक सम्मेलन में भारत सहित 35 देशों के प्रतिनिधियों ने उपस्थिति दर्ज कराई।

राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष और फाउंडेशन के संरक्षक वासुदेव देवनानी ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए सिंधी समाज के योगदान, गौरवशाली इतिहास और भारत निर्माण में निभाई जा रही महत्त्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। देवनानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के विज़न को साकार करने में सिंधी समाज का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने डिजिटल युग में सिंधी संस्कृति, भाषा और सभ्यता के संरक्षण के लिए ‘डिजिटल सिंधी हेरिटेज प्रोजेक्ट’ शुरू करने की आवश्यकता पर जोर दिया। देवनानी ने कहा—“सिंधी संस्कृति विश्व की सबसे प्राचीन और समृद्ध सभ्यताओं में से एक है। आज भारत के बाहर भी विश्व के लगभग हर कोने में सिंधी समाज सम्मानपूर्वक स्थापित है। हमें अपनी भाषा और संस्कृति पर गर्व करना चाहिए।”

देवनानी ने बताया कि सिंधी समाज के लोग विभाजन की विभीषिका में सब कुछ छोड़ भारत आए थे, क्योंकि उन्हें अपनी संस्कृति, मातृभूमि और सनातन मूल्यों से गहरा प्रेम था। उन्होंने कहा कि सिंधी समाज ने पुरुषार्थ से खुद को पुनः स्थापित किया और आज अर्थव्यवस्था व सामाजिक विकास में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने नई पीढ़ी को सिंधी भाषा व संस्कृति से जोड़ने का आह्वान किया और कहा कि भाषा किसी भी समाज की पहचान होती है। देवनानी ने अपने शिक्षा मंत्री कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि अजमेर और कोटा में सिंधु शोध पीठ की स्थापना कराई गई और महाराजा दाहिर सेन, हेमू कालानी तथा अन्य सिंधी संतों की जीवनियों को स्कूल पाठ्यक्रम में शामिल किया।

संमेलन में सांसद शंकर लालवानी ने दिल्ली में “सिंधु भवन” बनाने की मांग उठाई। कार्यक्रम के दौरान देवनानी की दिवंगत पत्नी स्वर्गीय इंदिरा देवनानी को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। विश्व सिंधी हिंदू फाउंडेशन ऑफ एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. गुरूमुख जगवानी ने अंतर्राष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल और समारोह में शामिल सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

    Previous
    Next

    Related Posts