Saturday, 29 August 2026

34 वां तबला नवाज़ स्व. उस्ताद काले खां संगीत एवं पुरस्कार समारोह सम्पन्न, युवा कलाकारों की प्रस्तुति और वरिष्ठ संगीत साधकों का सम्मान


34 वां तबला नवाज़ स्व. उस्ताद काले खां संगीत एवं पुरस्कार समारोह सम्पन्न, युवा कलाकारों की प्रस्तुति और वरिष्ठ संगीत साधकों का सम्मान

जयपुर। रंगशिल्प एवं पिंकसिटी प्रेस क्लब द्वारा आयोजित 34 वां तबला नवाज़ स्व. उस्ताद काले खां संगीत एवं पुरस्कार समारोह 2025 (सबक कार्यक्रम) शनिवार को प्रेस क्लब सभागार में गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में शास्त्रीय, उपशास्त्रीय एवं लोक संगीत की विभिन्न प्रस्तुतियों ने माहौल को सुरमयी बना दिया।

समारोह की शुरुआत गुलज़ार वायलिन अकादमी के युवा कलाकारों – सुजान हुसैन, राहुल कुमावत, लक्ष्यता भट्ट, मानव गर्ग, लहरी कल्लम, अंकित ठठेरा, तपस्या डांगी, आन्या मित्तल, पावकी वर्मा, तन्मय जोशी तथा बांसुरी वादक ज़ेयान हुसैन और तबला वादक की सामूहिक प्रस्तुति से हुई। कलाकारों ने राग खमाज में दीपचंदी ताल की बंदिश से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने मध्य लय तीन ताल में दूसरी बंदिश प्रस्तुत की और अंत में झाले की द्रुत लय में झालों के साथ प्रस्तुति समाप्त कर सभागार में उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के दूसरे चरण में कोलकाता की उपशास्त्रीय गायिका श्रीमती तान्या भादुड़ी ने अपनी मनमोहक आवाज़ से समां बांध दिया। उन्होंने राग कौशिक ध्वनि में “साजन बिना का से कटे दिन रैना” प्रस्तुत कर भाव पूर्ण वातावरण बना दिया। इसके बाद उन्होंने राग पीलू में कजरी “बरसन लागी बदरिया सावन की” गाकर श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया।

समारोह के दौरान विभिन्न विधाओं के प्रतिष्ठित कलाकारों को तबला नवाज़ स्व. उस्ताद काले खां संगीत पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया गया। स्वर्गीय ध्रुपद गायक उस्ताद सईदुद्दीन डागर के सम्मान में पुरस्कार उस्ताद एस. नफ़ीसुद्दीन और उस्ताद एस. अनीसुद्दीन को प्रदान किए गए।

इसके अलावा श्रेष्ठ साधक उपाधि से सम्मानित हुए—

  • उस्ताद नाज़िम हुसैन (गायक-संगीतकार)

  • अमित अनुपम (गायक-संगीतकार)

  • रूपसिंह शेखावत (लोक नृत्याचार्य एवं गुरु)

  • पवन गोस्वामी (गिटार वादक एवं संगीत गुरु)

इन सभी को शॉल, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह का समूचा वातावरण सुर, लय और ताल के अद्भुत समन्वय से भरा रहा।

Previous
Next

Related Posts