



जयपुर में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां बदमाशों ने अपनी गर्लफ्रेंड के साथ मिलकर स्कूल संचालिका की कार हथियार के दम पर लूट ली। घटना ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के सीतारामपुरा इलाके में स्थित एक स्कूल के बाहर हुई। बदमाशों ने ड्राइवर को पिस्तौल दिखाकर कार से उतारा और पीछे सीट पर बैठे स्कूल संचालिका के पालतू डॉग (चाउ चाउ) सहित कार लेकर फरार हो गए।
डीसीपी नॉर्थ करण शर्मा के अनुसार सुबह करीब 8:15 बजे ड्राइवर कार से स्कूल संचालिका को छोड़कर बाहर निकला और डॉग को पिछली सीट पर बिठाकर वापस घर लौटने के लिए कार स्टार्ट कर रहा था। तभी अचानक एक बदमाश कार की दूसरी सीट से अंदर घुस आया, जबकि दूसरा बदमाश ड्राइवर साइड का गेट खोलकर पिस्तौल दिखाते हुए ड्राइवर को बाहर धकेल दिया। दोनों बदमाश स्कूल ओनर की कार लेकर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी करवाई। दबाव बढ़ता देख बदमाश कार और अपनी गर्लफ्रेंड को जंगल के इलाके में छोड़कर भाग गए। पुलिस ने पीछा करते हुए युवती को गिरफ्तार कर लिया है। कार और पालतू डॉग को सुरक्षित बरामद कर उसके मालिक को लौटा दिया गया है।
पुलिस अब दोनों फरार बदमाशों की तलाश में जंगल और आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चला रही है। पुलिस के मुताबिक घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और युवती से मिली जानकारी के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है। मामले ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।