Saturday, 29 August 2026

33 IFS अफसरों के तबादले, रणथंभौर से PCCF तक कई महत्वपूर्ण पदों पर बदलाव


33 IFS अफसरों के तबादले, रणथंभौर से PCCF तक कई महत्वपूर्ण पदों पर बदलाव

राज्य सरकार ने बुधवार को भारतीय वन सेवा (IFS) में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 33 अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इसके साथ ही चार IFS अधिकारियों को अतिरिक्त चार्ज दिया गया है, जबकि दो APO अधिकारियों को नई पोस्टिंग प्रदान की गई है। इस फेरबदल में सबसे महत्वपूर्ण परिवर्तन पीसीसीएफ (वाइल्ड लाइफ) शिखा मेहरा का है, जिनका तबादला प्रधान मुख्य वन संरक्षक (विकास) के पद पर किया गया है।

सूत्रों के अनुसार, हाल ही में मुख्यमंत्री के आदेशों की अवहेलना पर वन मंत्री ने शिखा मेहरा और एपीसीसीएफ (वाइल्डलाइफ) राजेश कुमार गुप्ता के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री ने पर्यटकों के लिए वन विभाग के गेस्ट हाउस खोलने को कहा था, लेकिन इन दोनों अधिकारियों द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस पर सीएम और वन मंत्री ने नाराजगी जताई और कार्रवाही के निर्देश दिए, जिसके बाद दोनों का महत्वपूर्ण तबादला किया गया है।

सरकार ने एपीसीसीएफ डॉ. वेंकटेश शर्मा को राजस्थान राज्य वन विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक (MD) के पद पर नियुक्त किया है। वहीं, एपीसीसीएफ (उत्पादन और वन विकास निगम) उदय शंकर का तबादला करते हुए उन्हें एपीसीसीएफ एवं सीईओ, कैंप जयपुर के पद पर लगाया गया है।

आईएफएस तबादलों में रणथंभौर टाइगर रिजर्व की जिम्मेदारियों में बड़ा बदलाव किया गया है। रणथंभौर टाइगर प्रोजेक्ट के निदेशक और मुख्य वन संरक्षक अनूप के को जोधपुर में मुख्य वन संरक्षक के पद पर भेजा गया है। उनकी जगह राजस्थान पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के सदस्य सचिव शारदा प्रताप सिंह को रणथंभौर टाइगर प्रोजेक्ट का निदेशक और मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक नियुक्त किया गया है।

शारदा प्रताप सिंह के स्थान पर कपिल चंद्रावल को राजस्थान पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड का नया सदस्य सचिव नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे आरबीडीसी में संयुक्त परियोजना निदेशक थे।

जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। JDA में वन संरक्षक के पद पर तैनात मोनाली सेन का तबादला मुख्यमंत्री जीव संरक्षण, जयपुर के पद पर किया गया है। उनकी जगह APO चल रही IFS अधिकारी अनीता को JDA में वन संरक्षक के पद पर नियुक्त किया गया है। इसी तरह APO स्थिति में चल रही आकांक्षा महाजन को मुख्य वन संरक्षक और निदेशक, राजस्थान वानिकी एवं वन्यजीव प्रशिक्षण संस्थान जयपुर में पोस्टिंग दी गई है।

इसके अतिरिक्त, एपीसीसीएफ (वन्यजीव) राजेश कुमार गुप्ता को एपीसीसीएफ बाह्य सहायता प्राप्त परियोजना, जयपुर भेजा गया है। वहीं, KCA अरुण प्रसाद को एपीसीसीएफ (FCI) जयपुर से स्थानांतरित कर मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक, जयपुर का पदभार सौंपा गया है। टीजे कविथा को एपीसीसीएफ (विकास) से स्थानांतरित कर एपीसीसीएफ और नोडल अधिकारी (FCA), जयपुर बनाया गया है, जबकि राजीव चतुर्वेदी को मुख्य वन संरक्षक, जयपुर से सदस्य सचिव, राजस्थान राज्य जैव विविधता मंडल के पद पर नियुक्त किया गया है।

राज्य सरकार का यह व्यापक फेरबदल वन विभाग की कार्य शैली, वन्यजीव प्रबंधन, जंगलों की सुरक्षा और महत्वपूर्ण पर्यावरणीय परियोजनाओं में नए सिरे से ऊर्जा और जवाबदेही लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Previous
Next

Related Posts