



अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर गुरुवार को पहली बार ताजमहल के दीदार के लिए आगरा पहुंचे। इस दौरे के दौरान वे अपनी गर्लफ्रेंड के साथ ताजमहल परिसर में करीब 45 मिनट तक घूमे। दोनों ने प्रसिद्ध डायना बेंच पर फोटोशूट कराया। ट्रंप जूनियर व्हाइट आउटफिट में दिखाई दिए, जबकि उनकी गर्लफ्रेंड लाल रंग की वेस्टर्न ड्रेस में नजर आईं। दोनों ने मुगल बादशाह शाहजहां और उनकी पत्नी मुमताज महल का मकबरा भी देखा और स्मारक की ऐतिहासिक जानकारी ली।
ट्रंप जूनियर दोपहर 1:30 बजे विशेष विमान से आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट से वे सीधे होटल अमर विलास (ओबेरॉय) पहुंचे, जहां उनके लिए लग्जरी कोहिनूर सुइट बुक किया गया था। इस सुइट की एक रात की कीमत करीब 7–8 लाख रुपए है। होटल में उन्होंने कुछ समय विश्राम किया और कंटिनेंटल व इंडियन फूड का लंच सर्व किया गया। इसके बाद सुइट में कपड़े बदलकर वे गोल्फ कार्ट से ताजमहल के पूर्वी गेट पहुंचे और वहां से स्मारक का भ्रमण किया।
ट्रंप जूनियर के साथ 40 देशों के 126 विशेष मेहमान भी ताजमहल पहुंचे थे। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सभी अतिथियों ने स्मारक की सुंदरता और परिसर का भ्रमण किया। ताजमहल से ट्रंप जूनियर शाम करीब 4:30 बजे निकले और होटल लौटे। वहां से वे अपना सामान लेकर खेरिया एयरपोर्ट पहुंचे, जहां से विशेष विमान से जामनगर (गुजरात) के लिए रवाना हो गए।
इससे पहले 6 साल पहले, फरवरी 2020 में, डोनाल्ड ट्रंप अपने परिवार के साथ आगरा आए थे। उस दौरान ट्रंप और मेलानिया ने ताज परिसर में करीब डेढ़ किलोमीटर पैदल घूमकर स्मारक का भावुकता से अवलोकन किया था। विजिटर बुक में उन्होंने लिखा था कि ताजमहल भारतीय संस्कृति की समृद्धि और गौरव का प्रतीक है।