Thursday, 20 November 2025

जयपुर के VVIP सिविल लाइंस में सुबह-सुबह लेपर्ड की एंट्री, दो घंटे की दहशत के बाद ट्रेंकुलाइज कर झालाना रिजर्व भेजा


जयपुर के VVIP सिविल लाइंस में सुबह-सुबह लेपर्ड की एंट्री, दो घंटे की दहशत के बाद ट्रेंकुलाइज कर झालाना रिजर्व भेजा

जयपुर के अत्यंत सुरक्षित और VVIP माने जाने वाले सिविल लाइंस इलाके में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सुबह करीब 9 बजे एक लेपर्ड अचानक कॉलोनी में घुस आया। लेपर्ड सबसे पहले लेन नंबर 6 पर बने एक घर में दाखिल हुआ। इसके बाद वह वहां से निकलकर जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत के सरकारी आवास के परिसर में देखा गया, जिससे सुरक्षा एजेंसियों में तत्काल अलर्ट जारी हो गया।

इसके थोड़ी देर बाद लेपर्ड ने पास ही स्थित टाइनी ब्लॉसम सीनियर सेकेंडरी स्कूल में प्रवेश कर सबको चौंका दिया। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल प्रशासन ने सभी छात्रों को तुरंत क्लासरूम में बंद कर दिया। लेपर्ड लगातार एक घर से दूसरे घर में दीवार कूदते हुए मूवमेंट करता रहा, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल फैल गया।

वन विभाग की टीम ने सूचना मिलते ही सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। ट्रेंकुलाइज गन के साथ चलाए गए इस अभियान में विशेषज्ञों ने करीब दो घंटे तक लेपर्ड की लोकेशन ट्रैक की। अंततः सुबह लगभग 11 बजे, लेपर्ड को उसी घर में ट्रेंकुलाइज कर दिया गया, जहां वह सबसे पहले घुसा था। इसके बाद उसे सुरक्षित रूप से झालाना लेपर्ड रिजर्व ले जाया गया।

गौरतलब है कि सिविल लाइंस क्षेत्र में राजभवन, मुख्यमंत्री आवास, मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के सरकारी आवास स्थित हैं। ऐसे संवेदनशील इलाके में लेपर्ड के पहुंचने से सुरक्षा एजेंसियां और प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया। वन विभाग अब यह भी जांच कर रहा है कि लेपर्ड शहर के इस भीड़भाड़ और सुरक्षित क्षेत्र तक कैसे पहुंचा।

Previous
Next

Related Posts