



भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बुधवार शाम जयपुर में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गांधी नगर थाने में तैनात महिला पुलिस उप निरीक्षक (एसआई) को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी एसआई राजकुमारी जुनेजा ने धोखाधड़ी के एक मामले में एफआर लगाने की एवज में 2 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एसीबी टीम ने उसे 1.25 लाख रुपये की घूस लेते मौके पर ही पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके निवास पर सर्च ऑपरेशन भी जारी है।
एसीबी डीजी गोविंद गुप्ता ने बताया कि जयपुर नगर तृतीय एसीबी चौकी को एक परिवादी ने शिकायत दी थी कि साल 2024 में गांधी नगर थाने में दर्ज धोखाधड़ी के एक केस में कोई कार्रवाई नहीं की जा रही और मुकदमे में एफआर लगाने के बदले 2 लाख रुपये की मांग की जा रही है। शिकायतकर्ता का आरोप था कि एसआई राजकुमारी जुनेजा लगातार रिश्वत के लिए दबाव बना रही थी।
सत्यापन के बाद एसीबी टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। बुधवार शाम परिवादी को 1.25 लाख रुपये की घूस लेकर गांधी नगर थाने भेजा गया। जैसे ही आरोपी एसआई ने रकम स्वीकार की, एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
सूत्रों के अनुसार आरोपी राजकुमारी जुनेजा, निवासी बृजपुरी प्रताप नगर, के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है और एसीबी आरोपी के बैंक लेनदेन, संपत्तियों और पुराने मामलों की भी जांच कर सकती है।